D23 Expo 2022: मार्वल के पांचवें फेज को लेकर डी23 में बड़ा एलान, जेम्स कैमरून ने पूरी की 'अवतार 3' की शूटिंग
लुकास फिल्म से शुरुआत
डी23 एक्सपो 2022 (D23 Expo 2022) के दूसरे दिन डिज्नी कंपनी का हिस्सा बन चुकी तीन बड़ी कंपनियों लुकास फिल्म, मार्वल स्टूडियो और ट्वेंटिएथ सेंचुरी स्टूडियोज ने अपनी निर्माणाधीन वेब सीरीज और फिल्मों का एलान किया। दिन की शुरुआत हुई लुकास फिल्म की चेयरमैन कैथलीन केनेडी के मंच पर आने से। कैथलीन ने कंपनी की नई वेब सीरीज ‘एंडोर’ के पहले 12 एपिसोड की शूटिंग पूरी होने की जानकारी देने के साथ ही बताया कि सीरीज के बाकी 12 एपिसोड की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है। ठीक 11 दिन बाद रिलीज होने जा रही इस सीरीज के खास पोस्टर भी इस दौरान उन्होंने रिलीज किए। इसके अलावा इस साल 30 नवंबर को रिलीज होने जा रही वेब सीरीज ‘विलो’ की झलकियां भी उन्होंने दर्शकों को दिखाईं।
स्टार वार्स की पांच नई सीरीज
लुकास फिल्म्स की चेयरमैन कैथलीन केनेडी ने इसके बाद एक के बाद एक पांच और बड़े धमाके डी 23 एक्सपो 2022 (D23 Expo 2022) के दूसरे दिन के पहले सत्र में किए। कैथलीन ने ‘स्टार वार्स’ फ्रेंचाइजी की पांच नई सीरीज का इस दौरान ऐलान किया। ‘स्टार वार्स: बैड बैच’ का दूसरा सीजन अगले साल 4 जनवरी से प्रसारित होना शुरू होगा। इसके पहले छह शार्ट्स की ‘स्टार वार्स: टेल्स ऑफ जेडाई’ नामक एक सीरीज इसी साल 26 अक्तूबर से प्रसारित होनी होगी। मंच पर आए चर्चित निर्देशक जॉन फेवरू ने इसी बीच ‘स्टार वार्स: अहसोका’ और ‘स्टार वार्स: स्केलेटन क्रू’ की शूटिंग शुरू होने की जानकारी दर्शकों को दी। इसके बाद बारी आई ‘स्टार वार्स: द मैंडोलोरियन’ के सीजन 3 की। बताया गया कि इस सुपरहिट सीरीज का तीसरा सीजन अगले साल प्रसारित करने के लिए लुकास फिल्म ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इंडियाना जोन्स 5 का ट्रेलर
लुकास फिल्म की तरफ से दिन का सबसे बड़ा एलान हैरिसन फोर्ड की कल्ट क्लासिक फिल्म फिल्म ‘इंडियाना जोन्स’ फ्रेंचाइजी की पांचवी फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा के रूप में आया। साल 1981 में फिल्म ‘इंडियाना जोन्स: रेडर्स ऑफ द लास्ट आर्क’ से शुरू हुई इस फ्रेंचाइजी में अब तक ‘इंडियाना जोन्स: टेंपल ऑफ डूम’ (1984), ‘इंडियाना जोन्स: द लास्ट क्रूसेड’ (1989) और ‘इंडियाना जोन्स: द किंगडम ऑफ द क्रिस्टल स्कल’ (2008) नामक फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। शनिवार को इस सीरीज की पांचवी फिल्म का ट्रेलर भी डी23 एक्सपो 2022 (D23 Expo 2022) में दिखाया गया। ये फिल्म अगले साल 30 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मार्वल स्टूडियोज के धमाकेदार एलान
और, इसके बाद बारी आई मार्वल स्टूडियोज की। स्टूडियो के प्रेसिडेंट केविन फाइगी ने मंच पर आने के साथ ही डिज्नी की संगीतमयी फिल्मों से ईर्ष्या की बात कही तो एकाएक मंच पर मार्वल के मशहूर किरदारों का एक अनोखा म्यूजिकल शो शुरू हो गया। ‘रोजर्स: द म्यूजिकल’ नामक इस पेशकश के बाद फाइगी ने फिल्म ‘ब्लैक पैंथर: वकांडा फॉरएवर’ के कलाकारों से दर्शकों का परिचय कराया और इसी साल 11 नवंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के कुछ एक्सक्लूसिव झलकियां भी दर्शकों को दिखाईं। इसी फिल्म के एक किरदार को लेकर मार्वल स्टूडियोज आयरनमैन की प्रयोगशाला एमआईटी भी पहुंच चुका है और फाइगी ने एलान किया कि ‘आयरनहार्ट’ नामक ये सीरीज अगले साल प्रसारित होगी। इसके अलावा 17 फरवरी को रिलीज होने जा रही मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स के पांचवें फेज की कहानी ‘एंटमैन एंड द वैस्प क्वांटमैनिया’ की झलक भी इस दौरान पेश की गई।
कमेंट
कमेंट X