डांस दीवाने सीजन 3 शुरू हो चुका है। इस रियलिटी शो में हर उम्र के लोगों को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। देश के कोने कोने से डांसर्स अपनी प्रतिभा इस शो में दिखाएंगे। मेगा ऑडिशन के बाद 16 फाइनलिस्ट को चुना गया है। हर कंटेस्टेंट की जिंदगी का कोई ना कोई किस्सा प्रेरित करने वाला है। ऐसी ही एक कंटेस्टेंट हैं अरुंधति गरनायक।
डांस दीवाने 3: अरुंधति ने चोट लगने के बाद भी नहीं छोड़ा डांस, हिम्मत देखकर रेमो डिसूजा ने दिया फिल्म का ऑफर
23 वर्षीय अरुंधति उड़ीसा की रहने वाली हैं। उन्होंने यह साबित किया है कि अपने सपनों को हासिल करने का एक ही जरिया है, कड़ी मेहनत। वह मशहूर कोरियोग्राफर के साथ डांस की ट्रेनिंग ले रही थीं लेकिन उनके साथ एक घटना हो गई जिसकी वजह से उन्हें ब्रेक लेना पड़ा।
अरुंधति की रीढ़ में चोट आ गई थी। इसके बावजूद वह हिम्मत नहीं हारीं और वापस डांस के मंच पर आने के लिए जी जान से जुट गईं। अरुंधति की डांस स्किल्स और हिम्मत से कोरियोग्राफर-निर्देशक रेमो डिसूजा इस कदर प्रभावित हुए कि उन्होंने अपनी अगली डांस पर आधारित फिल्म का ऑफर दिया। अरुंधति को इस ऑफर की उम्मीद नहीं थीं जिसके बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
डांस दीवाने 3 का पहला एपिसोड 20 मार्च को प्रसारित किया गया। शो के जज के तौर पर माधुरी दीक्षित, तुषार कालिया और धर्मेश हैं। वहीं टीवी के जाने माने डांसर राघव डांस दीवाने 3 को होस्ट कर रहे हैं। पहले एपिसोड में भारती सिंह आईं और जजों के साथ साथ दर्शकों को भी खूब हंसाया।
ग्रैंड फिनाले में रेमो डिसूजा आए। इस एपिसोड के दौरान रेमो डिसूजा को आए हार्ट अटैक की घटना को भी दिखाया गया। कंटेस्टेंट के डांस को देखने के बाद धर्मेश कहते हैं कि 'मैं भगवान से बस यही कहूंगा कि अगर कुछ मुश्किल आती है तो सबसे पहले मुझे आए वहां तक पहुंचे ही नहीं।' यह सुनकर रेमो सहित अन्य भावुक हो जाते हैं।