नंबर वन अभिनेत्री दीपिका पादुकोण हिंदी फिल्मों की सबसे व्यस्त अभिनेत्रियों में से एक हैं। आने वाले समय में वह न सिर्फ कई फिल्मों की शूटिंग करेंगी, बल्कि बीच-बीच में दो-दो तीन-तीन फिल्मों के लिए समय भी निकालेंगी। दीपिका पादुकोण की मैनेजिंग टीम ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है और तारीखों का खाका भी खींच दिया है। और इसकी तैयारी हो चली है कि नया साल शुरू होते ही एक बड़ी फिल्म का धमाका और कर दिया जाए।
Welcome 2021: दीपिका ने सेट कर लिए नए साल के ये सारे नए गोल्स, जल्द होने वाला है बड़ा धमाका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के खत्म होने के बाद से ही दीपिका काम पर लग गई थीं। उन्होंने सबसे पहले शकुन बत्रा के निर्देशन में बनने वाली एक रोमांटिक फिल्म से ही शुरुआत की। इस फिल्म में दीपिका के साथ सिद्धांत चतुर्वेदी और अनन्या पांडे भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की शूटिंग दीपिका ने गोवा में शुरू की और बाद में मुंबई और अलीबाग में भी इसकी शूटिंग हुई। अब तो काम लगभग खत्म होने को भी है। कुछ दृश्य और बाकी हैं जिनकी शूटिंग दीपिका अपने सह कलाकारों के साथ अगले साल जनवरी में करेंगी।
इसके साथ ही दीपिका का काम हिंदी फिल्मों के बादशाह रह चुके अभिनेता शाहरुख खान की आने वाली फिल्म 'पठान' में भी चल रहा है। नवंबर के महीने में दीपिका ने शाहरुख के साथ इस फिल्म के लिए दो दिन की शूटिंग की थी। फिर उन्होंने, वापस शकुन बत्रा के साथ काम शुरू किया। अब जनवरी से ज्यादातर वक्त वह फिल्म 'पठान' को ही देने वाली हैं। इस फिल्म में शाहरुख जिस तरह एक जासूस का किरदार निभाएंगे, उसी तरह दीपिका भी एक हिम्मत वाली जासूस के किरदार में ही नजर आएंगी। फिल्म में दीपिका के भी कुछ दृश्य मारधाड़ के दृश्य होंगे।
'पठान' की शूटिंग अगले साल के मध्य तक चलेगी। हालांकि, दीपिका ऐसे ही नहीं रहेंगी, बल्कि वह अगले साल की पहली तिमाही से ही नाग अश्विन के निर्देशन में एक और फिल्म की शुरुआत करेंगी। इस फिल्म में तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार प्रभास उनके साथ होंगे। जब से फिल्म की घोषणा हुई तब से ही यह फिल्म काफी चर्चा में है क्योंकि सिनेमा के दो बड़े कलाकार एक ही फिल्म में एक साथ नजर आने वाले हैं। यह एक साइंस फिक्शन थ्रिलर फिल्म होगी जिसमें प्रभास के साथ दीपिका पादुकोण भी एक्शन करते हुए नजर आने वाली हैं।
जैसे-जैसे साल आगे बढ़ेगा वैसे ही अगले साल के मध्य तक दीपिका की योजना हॉलीवुड की कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'द इंटर्न' के हिंदी रीमेक को शुरू करने की है। इस फिल्म की घोषणा दीपिका ने इसी साल की शुरुआत में की थी। लेकिन, यहां दिक्कत एक यह है कि इस फिल्म में दीपिका के साथ काम करने वाले दिग्गज कलाकार ऋषि कपूर अब इस दुनिया में नहीं रहे। अब इस फिल्म में कौन वरिष्ठ कलाकार दीपिका के साथ नजर आएगा? इसके बारे में अभी तक कोई घोषणा नहीं हुई है। पहले उस वरिष्ठ कलाकार का चयन होगा, उसके बाद ही फिल्म की शूटिंग दीपिका शुरू करेंगी। उम्मीद की जा रही है कि इस फिल्म में अमिताभ बच्चन की एंट्री हो सकती है।