कभी बॉक्स ऑफिस के बादशाह के तौर पर मशहूर रहे शाहरुख खान के साथ उनकी ही लॉन्च की हुई हीरोइन दीपिका पादुकोण ने फिल्म ‘पठान’ की शूटिंग रविवार से शुरू कर दी। दीपिका पादुकोण इससे पहले शाहरुख खान के साथ फिल्मों ‘ओम शांति ओम’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ में दिख चुकी हैं। दीपिका पादुकोण को हिंदी सिनेमा में शाहरुख खान ने ही अपने प्रोडक्शन हाउस की फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से लॉन्च किया था। दीपिका की ये फिल्म ब्लॉकबस्टर फिल्म रही और अब जब उनकी जोड़ी बड़े परदे पर फिर से यशराज फिल्म्स की फिल्म ‘पठान’ में बनी है तो लोग अरसे से इस इंतजार में थे कि आखिर इस फिल्म की शूटिंग पर दीपिका पादुकोण कब पहुंचेंगी। ये शुभ घड़ी रविवार को आई। इस मौके पर उनकी कुछ तस्वीरें भी वहां मौजूद लोगों ने क्लिक कीं।
Pathan Shooting: फिल्म ‘पठान’ के सेट पर दिखा दीपिका का दमकता रूप, यहां देखिए लोकेशन से खास तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इसके पहले अभी शुक्रवार को ही यशराज स्टूडियोज में फिल्म 'पठान' की शूटिंग में अभिनेता जॉन अब्राहम भी शामिल हुए थे। अब रविवार को दीपिका के भी फिल्म की शूटिंग में शामिल हो जाने से फिल्म के तीनों कलाकारों का संगम इस फिल्म में हो चुका है। फिल्म की शूटिंग का एक लंबा शेड्यूल पहले विदेश में होना था लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के चलते ये शेड्यूल कैंसिल करना पड़ा। इसके बाद जानकारी मिली है कि फिल्म की स्क्रिप्ट में कुछ फेरबदल किए गए हैं और फिल्म की अधिकतर शूटिंग अब मुंबई में ही करने का फैसला फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा ने लिया है।
फिल्म 'पठान' में दीपिका के रोल के बारे में अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक फिल्म में वह एक बहुत ही हिम्मतवाला किरदार निभा रही हैं। इस किरदार के लिए जरूरी फिटनेस पर दीपिका ने लगातार काम किया है और यशराज फिल्म्स की कोशिश उन्हें परदे पर उसी तरह की चकाचौंध के साथ पेश करने की है, जिस तरह से उनकी पिछली फिल्म ‘वॉर’ में वाणी कपूर को पेश किया गया था। दीपिका ने फिल्म के लिए खास तैयारी की है और रविवार के शूटिंग शेड्यूल पर जिसने भी दीपिका का नया दमकता रूप देखा तो बस देखता ही रह गया।
साल 2021 में ‘पठान’ के अलावा ‘टाइगर 3’ की शूटिंग पूरी करने का भी यशराज फिल्म्स का इरादा है, लेकिन इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने में अभी देर है। यशराज फिल्म्स ने हाल ही में फिल्म ‘टाइगर 3’ का सेट मुंबई के गोरेगांव से हटाया है और इसकी यूनिट के सभी सदस्यों को अभी तक वैक्सीन भी नहीं लगी है। यशराज फिल्म्स की पूरी हो चुकी फिल्मों में तीन फिल्में रिलीज की कतार में अरसे से हैं।
इस साल यशराज फिल्म्स ने अपनी एक फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ रिलीज की थी। कोरोना की दूसरी लहर से ठीक पहले रिलीज हुई निर्देशक दिबाकर बनर्जी की इस फिल्म को दर्शकों ने पूरी तरह नकार दिया था। इसके बाद यशराज फिल्म्स की तीन फिल्में ‘बंटी और बबली 2’, ‘जयेशभाई जोरदार’ और ‘पृथ्वीराज’ रिलीज होने वाली हैं। फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ से शर्वरी वाघ, फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ से शालिनी पांडे और फिल्म ‘पृथ्वीराज’ से मानुषी छिल्लर की यशराज फिल्म्स में एंट्री हो रही है।