जिस खबर से ‘अमर उजाला’ ने आपको बीते महीने ही अवगत करा दिया था, फिल्म निर्देशक हंसल मेहता और निर्माता अनुभव सिन्हा ने वह बात अब जाकर जग जाहिर की है। अपनी नई फिल्म से ये दोनों फिल्ममेकर कपूर खानदान की चौथी पीढ़ी को बड़े परदे पर लॉन्च करने जा रहे हैं। फिल्म में अभिनेता परेश रावल के बेटे आदित्य रावल भी हैं। हंसल ने अपनी इस फिल्म की शूटिंग पिछले महीने के आखिरी हफ्ते में शुरू की थी। और, फिल्म में आदित्य रावल के साथ कुणाल कपूर के बेटे के भी काम करने की खबर ‘अमर उजाला’ ने आपको दी थी। एक नए स्टार किड को लॉन्च करने का जिम्मा संभालने वाले अनुभव सिन्हा और हंसल मेहता ने अपनी फिल्म के दोनों सितारों जहान कपूर और आदित्य रावल की फिल्म की लोकेशन से तस्वीरें भी सार्वजनिक कर दी हैं।
EXCLUSIVE: ‘अमर उजाला’ पर जहान कपूर, आदित्य रावल की फिल्म के नाम का खुलासा, तस्वीरें देखिए बोनस में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जहान कपूर को बड़े परदे पर लॉन्च करने के लिए करीब आधा दर्जन फिल्म निर्माता एक साथ आए हैं। फिल्म में पैसा टी सीरीज के भूषण कुमार लगा रहे हैं। फिल्म के प्रोडक्शन का पूरा इंतजाम अनुभव सिन्हा देख रहे हैं। इन दोनों के अलावा फिल्म में साक्षी भट्ट, साहिल सैगल और मजाहिर मंदसौरवाला का नाम भी बतौर फिल्म निर्माता जुड़ चुका है। फिल्म के दोनों सितारों के बारे में हंसल मेहता कहते हैं, “फिल्म का जो विषय मेरे पास था उसे लेकर मैं नए चेहरों के साथ ये फिल्म बनाने को बहुत इच्छुक था। जहान और आदित्य दोनों का चुनाव उनकी दक्षता और क्षमता के अनुसार ही किया गया है। जो किरदार वह परदे पर पेश करने जा रहे हैं, वे बहुत गूढ़ हैं और मुझे भरोसा है कि दर्शकों को इनसे प्यार जरूर हो जाएगा।”
'अमर उजाला' अब आपको इस फिल्म का नाम भी बताने जा रहा है। इस फिल्म का नाम रखा गया है ‘फ़रदा’। फिल्म ‘फ़रदा’ से जहान कपूर और आदित्य रावल के जो लुक सामने आए हैं, उससे ये फिल्म किसी हिंसक कहानी की तरफ इशारा करती है। सीढ़ी पर बैठे कलाकार के हाथ की मशीन गन भी इसी तरह इशारा करती है। अनुभव सिन्हा ने जब से सुपर सितारों का पीछा करना छोड़ अच्छी कहानियों के पीछे भागना शुरू किया है, उनका सिनेमा पूरी तरह बदल चुका है। इस फिल्म का टाइटल भी लगता है उन्होंने रिन्द लखनवी के उस शेर से ही लिया है, जिसमें रिन्द कहते हैं, ‘फ़रदा-ए-क़यामत का न इक़रार करो जां, लो हश्र सही आज ही दीदार दिखाओ’।
आदित्य रावल ने हिंदी सिनेमा में अपना डेब्यू फिल्म निर्देशक रंजन चंदेल की फिल्म ‘बमफाड़’ से किया था। जी5 पर रिलीज हुई इस फिल्म में आदित्य रावल ने अपनी बेलौस अदाकरी से सबका दिल जीता। वहीं हिंदी सिनेमा में बड़े परदे के लिए काम करते हुए 21 साल गुजार चुके निर्देशक हंसल मेहता भी शुरू में मुंबइया सिनेमा के चक्कर में ही पड़े रहें। फिर, साल 2013 में रिलीज हुई फिल्म ‘शाहिद’ से उन्हें अपने करियर की सही राह मिली। ‘सिटी लाइट्स’, ‘अलीगढ़’ और ‘छलांग’ जैसी फिल्मों के साथ ही उनकी बीते साल रिलीज हुई वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ भी भारतीय मनोरंजन जगत में मील का पत्थर बन चुकी है।
खबर ये भी है कि हंसल मेहता ने अपनी सीरीज ‘स्कैम 1992’ की सीक्वेल पर भी काम शुरू कर दिया है। तेलगी घोटाले पर बन रही उनकी अगली सीरीज को लेकर भी हंसल का काम समानांतर जारी है। टी सीरीज ने कुल पांच फिल्में बनाने का ठेका अनुभव सिन्हा को दिया है। इसमें से एक फिल्म चर्चित निर्देशक सुधीर मिश्रा भी बनाने जा रहे हैं।

कमेंट
कमेंट X