फिल्म ‘तमाशा’ की शूटिंग के दौरान अभिनेता रणबीर कपूर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह किसी भी फिल्म को करते समय उसके निर्देशक और दूसरे कलाकारों के प्यार में इसलिए पड़ जाते हैं कि वह अपने किरदार को परदे पर सही तरीके से जी सकें। फिल्म ‘जग्गा जासूस’ की शूटिंग के दौरान उन्होंने कटरीना कैफ से प्रेम किया और फिल्म ‘तमाशा’ की शूटिंग के दौरान दीपिका पादुकोण से। दोनों हीरोइनों से बारी बारी करके रणबीर कपूर का लंबा अफेयर चला और फिर इन फिल्मों की रिलीज के बाद दोनों से रिश्ते भी उनके लंबे नहीं चल सके। फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की शूटिंग शुरू होने के साथ ही उनका रिश्ता इस फिल्म की हीरोइन आलिया भट्ट के साथ बना। रणबीर कपूर के पिता के बीते साल अप्रैल में निधन के साल भर पूरे होने के बाद से ही दोनों की शादी की अटकलें लगती रही हैं। हिंदी फिल्म जगत के दिग्गजों की मानें तो दोनों की शादी दिसंबर महीने में होने जा रही है और इसके लिए लोगों को अपनी तारीखें संभालकर रखने के संकेत भी दिए जाने शुरू हो गए हैं।
EXCLUSIVE: इस महीने रणबीर कपूर और आलिया की शादी के संकेत, परिवार को अभी से बाहर न जाने की सलाह
रणबीर कपूर अपना जन्मदिन मनाने जोधपुर पहुंचे हैं। दोनों की जोधपुर एयरपोर्ट की तस्वीरें इतवार से ही सोशल मीडिया पर खूब साझा की जा रही हैं। नए साल की पूर्व संध्या पर भी दोनों राजस्थान के रणथंभौर पहुंचे थे और तब चर्चाएं उठी थीं कि रणथंभौर में दोनों की सगाई होने वाली है। इस बारे में कभी न कपूर खानदान से कुछ कहा गया और न ही महेश भट्ट परिवार से। रणबीर कपूर की फिल्म ‘शमशेरा’ के अगले साल मार्च में रिलीज होने की खबर रविवार को ही आई है और अब ये भी तय होता दिख रहा है कि आलिया भट्ट की अगली फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ भी अब इस साल रिलीज नहीं होगी।
आलिया भट्ट की फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के अलावा उनकी एक और फिल्म ‘आरआरआर’ भी इस साल रिलीज होने वाली फिल्मों की लिस्ट से हट चुकी है। आलिया की दो बड़ी फिल्में ‘कलंक’ और ‘सड़क 2’ बैक टू बैक सुपरफ्लॉप हो चुकी हैं। हालांकि निर्देशक के तौर पर वापसी करते हुए करण जौहर ने अपनी अगली फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में आलिया को उनकी फिल्म ‘गली ब्वॉय’ के हिट जोड़ीदार रणवीर सिंह के साथ रिपीट किया है लेकिन हिंदी फिल्म जगत की नजरें आलिया की रिलीज के लिए तैयार दो फिल्मों ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और ‘ब्रह्मास्त्र’ पर लगी हैं। फिल्म जगत में चर्चा है कि इन दोनों फिल्मों पर ही आलिया भट्ट का भविष्य टिका है और अगर इन दोनों फिल्मों में से एक का भी कारोबार गड़बड़ाया तो आलिया के लिए आगे की राह मुश्किल हो सकती है।
रणबीर कपूर का करियर इस लिहाज से उतना डांवाडोल नहीं है। उनकी आखिरी फिल्म ‘संजू’ साल 2018 में रिलीज हुई थी लेकिन हिंदी फिल्म दर्शकों के बीच उनके नाम का आकर्षण अब भी बाकी है। रणबीर की ब्रांड वैल्यू का चार साल बाद पहला इम्तिहान फिल्म ‘शमशेरा’ में मार्च महीने में होगा। उनकी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की रिलीज डेट अब तक घोषित हुई नहीं है और रणबीर की दो निर्माणाधीन फिल्मों ‘एनीमल’ और लव रंजन की फिल्म का काम अभी लंबा खिंचने वाला है।
रणबीर और आलिया को करीब से जानने वाले बताते हैं कि इन दोनों के करियर अब उस मोड़ पर हैं जहां दोनों के अविवाहित होने या विवाहित होने का फर्क उनकी फिल्मों पर नहीं पड़ने वाला है। रणबीर कपूर का अब तक का इतिहास हालांकि किसी एक लड़की के साथ टिके रहने का नहीं रहा है पर आलिया भट्ट से उनकी शादी होना तय हो चुका है। रणबीर कपूर के करीबियों की माने तो दोनों की शादी दिसंबर में होने के हिसाब से घर परिवार वालों को संकेत दिए जाने शुरू कर दिए गए हैं। कपूर परिवार नए साल की छुट्टियां मनाने की योजनाएं महीनों पहले से बनाना शुरू कर देता है और इस बार कपूर खानदान में दिसंबर महीने में कहीं परदेस न जाने की बातें अभी से शुरू हो गई हैं।
