वेब सीरीज 'पंचायत' में सचिव जी के किरदार से दर्शकों का दिल जीतने के बाद अभिनेता जितेंद्र कुमार एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। जल्द ही वह 'जादूगर' में अपना जादू चलाते नजर आएंगे। जितेंद्र कुमार और आरुषि शर्मा की फिल्म 'जादूगर' का ट्रेलर आज रिलीज कर दिया गया है। इसमें वह कबूतर उड़ाते नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी में थोड़ा जादू है और थोड़ी मोहब्बत।
Jaadugar Trailer Out: 'जादूगर' के ट्रेलर में कबूतर उड़ाते दिखे सचिव जी, नजर आया अलग अंदाज
जादू की किताब थामे आए नजर
ट्रेलर के शुरुआत में जितेंद्र कुमार हाथ में जादू की किताब लिए कहते नजर आ रहे हैं, 'मैं पार्ट टाइम लवर, फुल टाइम जादूगर और फुलबॉलर'। ट्रेलर में जादू और मोहब्बत के प्रति उनकी दीवानगी साफ नजर आ रही है, वहीं फुटबॉल के प्रति उनका रुझान दूर-दूर तक नहीं दिखाई दे रहा। मगर, अपने गुरु के एक थप्पड़ और डायलॉग का असर उन पर ऐसा नजर आया कि फिर वह टीम को टॉप 5 पर लाने में जुट जाते हैं। फिल्म का ट्रेलर काफी दिलचस्प है। साथ ही गुरु जी (जावेद जाफरी) का डायलॉग, 'याद रखना मीनू दिल बहलाने वाले को नहीं, दिल जीतने वाले को जादूगर कहते हैं' सिर्फ मीनू पर ही नहीं, दर्शकों पर भी जादू करता नजर आता है।
दिलचस्प है फिल्म की कहानी
बता दें कि फिल्म 'जादूगर' एक स्पोर्ट्स कॉमेडी ड्रामा है। इसमें मीनू (जितेंद्र कुमार) नाम के एक संघर्षरत जादूगर की लव स्टोरी दिखाई गई है। एक तरफ फुटबॉल के खेल में मीनू को रत्ती भर भी दिलचस्पी नहीं है। वह जादू सीखना चाहता है। जादू की दुनिया में उसका खूब मन लगता है। लेकिन, उसे जबरदस्ती कॉलोनी के एक फुटबॉल मैच में हिस्सा दिलवाया जाता है। वह किस बेमन से फुटबॉल खेलता है, इसकी झलक ट्रेलर में है। क्या मीनू फुटबॉल की दुनिया में खुद को साबित कर पाएगा, यह फिल्म में देखना दिलचस्प होगा। ट्रेलर में फुटबॉल और जादूगरी के बीच मीनू कि जिंदगी में प्यार का तड़का लगता है।
पंचायत के जरिए जमकर बटोरी थीं तारीफें
बता दें कि जितेंद्र कुमार अपनी वेब सीरीज 'पंचायत' को लेकर खूब चर्चाओं में रहे। दोनों सीजन में उनका किरदार काफी पसंद किया गया। अमेजन प्राइम वीडियो की इस वेब सीरीज में उन्होंने अभिषेक त्रिपाठी का रोल अदा किया है। देखना दिलचस्प होगा कि अब जादूगर बनकर वह दर्शकों पर क्या जादू चलाते हैं। फिल्म में जितेंद्र कुमार और आरुषि शर्मा की जोड़ी काफी अच्छी लग रही है। दोनों की केमिस्ट्री भी गजब है। बता दें कि यह फिल्म 15 जुलाई को ओटीट प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।