बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। कंगना सिर्फ फिल्मों को लेकर ही नहीं बल्कि सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर अपने विचार साझा करती हैं। देश दुनिया में हो रहीं घटनाओं पर अक्सर कंगना अपनी बात रखती नजर आ जाती हैं। हाल ही में मुंबई पुलिस कमिश्नर परमवीर सिंह का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अब हेमंत नागराले को मुंबई पुलिस कमिश्नर का पद सौंपा गया है। इसे लेकर कंगना रणौत ने शिवसेना पर निशाना साधा है।
मुंबई कमिश्नर परमवीर सिंह के तबादले पर कंगना रणौत ने किया ट्वीट, कहा- शिवसेना के अंत की शुरूआत
पंगा गर्ल कंगना रणौत ने परमवीर सिंह के ट्रांसफर की खबर को ट्वीट करते हुए लिखा, 'ये वहीं व्यक्ति है जिसने मुंबई की सड़कों पर मेरे बारे में अपमानजनक आर्ट को प्रोत्साहित किया। जब मैंने बदला लिया तो सोनिया सेना के द्वारा उसका बचाव किया गया और उन्होंने बदले के लिए मेरा घर तोड़ डाला। आज देखो शिवसेना ने उसे बाहर निकाल दिया। ये शिवसेना के अंत की शुरूआत है'।
बता दें कि एंटीलिया केस में बढ़ती जांच के बीच उद्धव सरकार ने परमवीर सिंह का तबादला कर दिया है। होमगार्ड विभाग में तबादले को सजा के तौर पर देखा जाता है। ऐसे में परमवीर सिंह को लेकर उद्धव सरकार का ये फैसला उनका डिमोशन माना जा रहा है। गौरतलब है कि बीते दिनों मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के पास विस्फोटक सामान से भरी गाड़ी पाई गई थी जिसके बाद से इस केस की लगातार जांच की जा रही है।
परमवीर सिंह की फरवरी 2020 में कमिश्नर के तौर पर नियुक्ति हुई थी। सुशांत सिंह राजूत की मौत के बाद सोशल मीडिया में अचानक मुंबई पुलिस के साथ वो भी खूब चर्चा में आए थे। इससे पहले वो मालेगांव ब्लास्ट को लेकर भी सुर्खियों में रहे थे। ऐसे में एक बार उनके तबादले की खबर चर्चा का विषय बन गई है।
मालूम हो कि पिछले दिनों कंगना रणौत के राजनीति में उतरने की भी चर्चा हुई थी इसे लेकर अभिनेत्री ने अपनी राय स्पष्ट की थी कि उनका राजनीति में आने का कोई विचार नहीं है। दूसरी तरफ वर्कफ्रंट की बात करें तो इन दिनों वो अपनी फिल्म 'धाकड़' की शूटिंग करने में व्यस्त हैं। इसके अलावा वो फिल्म 'तेजस', 'मणिकर्णिका रिटर्न्स- द लेजेंड ऑफ दिद्दा', 'थलाइवी' में नजर आएंगी। इसके साथ ही कंगना देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर आधारित एक पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म बनाने वाली हैं, जिसमें वह खुद इंदिरा गांधी का किरदार निभाते हुए नजर आएंगी।
