सिनेमाघरों के लिए बनी फिल्मों को ओटीटी पर रिलीज करने से निर्माताओं का तो पैसा बन रहा है लेकिन इससे फिल्मी सुपरस्टार अपना आकर्षण खो रहे हैं। अमिताभ बच्चन, आयुष्मान खुराना, अक्षय कुमार इस हवन में अपने हाथ जला चुके हैं। संजय दत्त और भूमि पेडनेकर भी कतार में हैं। लेकिन, इन सबसे अलग रुतबा कायम किया है अभिनेता कार्तिक आर्यन तिवारी ने। कार्तिक ने अपने करार में एक शर्त जोड़ने का फैसला किया है कि उनकी फिल्म पहले थिएटर में ही रिलीज होगी।
इसे कहते हैं असली ‘दबंग’! जो रुआब अमिताभ, अक्षय और आयुष्मान नहीं दिखा पाए, वो कर दिखाया कार्तिक आर्यन ने
जानकारी के मुताबिक उभरते सितारे कार्तिक आर्यन ने यह तय किया है कि वह अपनी अगली हर फिल्म को साइन करने से पहले अपने करार में एक नियम जरूर जोड़ेंगे जिसमें यह लिखा जाएगा कि उनकी फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज नहीं होगी। उनकी हर फिल्म को पहले थिएटर में ही रिलीज करने के लिए निर्माता की बाध्यता होगी और उसके बाद ही कार्तिक की कोई फिल्म ओटीटी तक जा पाएगी। इसकी शुरुआत उन्होंने की है, राम माधवानी की फिल्म 'धमाका' से।
देश में जब कोरोना वायरस ने दस्तक दी तो लॉकडाउन लागू हुआ और सिनेमाघर भी बंद हुए। इस बीच 'शकुंतला देवी', 'गुलाबो सिताबो', 'लक्ष्मी', 'दिल बेचारा', 'लूटकेस', 'खुदा हाफिज' जैसी कई फिल्में ओटीटी पर रिलीज हुई। निर्माताओं के इस कदम से फायदा निर्माताओं को हुआ और साथ ही ओटीटी प्लेटफॉर्म को भी खूब हिट्स मिले। लेकिन, सच ये भी है कि इसने सुपरस्टार्स की ब्रांडिंग को कमजोर करना शुरू कर दिया है। अब यह कसक आगे न हो इसलिए कलाकार यह तय करना चाहते हैं कि उनकी फिल्में सीधे ओटीटी पर रिलीज नहीं होगी।
अगले सप्ताह से कार्तिक आर्यन अपनी फिल्म 'धमाका' की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन राम माधवानी करेंगे। फिल्म को साइन करते हुए कार्तिक ने कोई फीस नहीं मांगी बल्कि उन्होंने तय किया कि वह फिल्म के मुनाफे में से एक हिस्सा लेंगे। साथ ही उन्होंने फिल्म के साथ यह शर्त भी रखी है कि उनकी यह फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज नहीं होगी। फिल्म के निर्माता इस बात के लिए बिल्कुल सहमत हैं।
कार्तिक की फिल्म 'धमाका' वर्ष 2013 में आई दक्षिण कोरियाई फिल्म 'द टेरर लाइव' की रीमेक बताई जा रही है। इसमें कार्तिक एक खोजी पत्रकार की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग 40 से 45 दिन में खत्म की जाएगी और फिल्म की पूरी शूटिंग एक ही जगह पर होगी। बताया जा रहा है कि फिल्म में गिने-चुने पांच से छह किरदार होंगे और फिल्म एक ऑफिस के अंदर ही समेटनी है। फिल्म का बजट बहुत कम है लेकिन यह फिल्म कार्तिक को अपना असली अभिनय दिखाने का मौका देगी। कार्तिक को उम्मीद है कि राम माधवानी फिल्म 'धमाका' में उनके साथ भी कोई ऐसा चमत्कार कर सकते हैं जिस तरह का उन्होंने फिल्म 'नीरजा' में अभिनेत्री सोनम कपूर के साथ किया और राष्ट्रीय पुरस्कार दिलवाया। कार्तिक के पास इस फिल्म के अलावा 'भूल भुलैया 2', 'दोस्ताना 2' और दक्षिण भारतीय फिल्म 'अला वैकुंठपुरमुलू' की हिंदी रीमेक भी हैं।
पढ़ें: इस दिन करने जा रहे कोरियोग्राफर पुनीत पाठक मंगेतर संग शादी, तारीख का किया ऐलान
