अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस की फिल्म फगली से डेब्यू करने वाली कियारा आडवाणी के डीएनए में अशोक कुमार और सईद जाफरी जैसे कलाकारों की अदाकारी है। जूही चावला की वह रिश्तेदार हैं और कियारा का बीता साल विनया विधेया रामा और लस्ट स्टोरीज ने रौशन किया। अब वह शाहिद कपूर के साथ फिल्म कबीर सिंह में जगमगाने वाली हैं। कियारा से एक खास मुलाकात।
कियारा का 'लस्ट स्टोरीज' के रोल पर बड़ा खुलासा, सीन से पहले घर के इस शख्स से ली थी परमीशन
आप आलिया आडवाणी से कियारा आडवाणी तो आसानी से बन गईं लेकिन अर्जुन रेड्डी की प्रीति शेट्टी को कबीर सिंह की प्रीति बनने का सफर कैसा रहा?
मुझे लगता है इस सवाल का जवाब तो कबीर सिंह के निर्देशक को देना चाहिए क्योंकि दोनों फिल्मों के निर्देशक वह ही है। निजी तौर पर इस किरदार ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। कियारा बहुत बनावटी है और प्रीति बिल्कुल उससे अलग। कैमरा ऑन होते ही मैं प्रीति में बदल जाती थी। उसमें बहुत ठहराव और शुद्धता है। हां, शूटिंग खत्म होने के बाद प्रीति से कियारा तक लौटने में थोड़ा वक्त लगा।
शाहिद कपूर के लुक को इस फिल्म में लोग काफी पसंद कर रहे हैं, आपका क्या कहना है?
शाहिद बहुत ही प्रोफेशनल एक्टर हैं। उनका काफी सहयोग मुझे मिला। वह बहुत ही सुलझे हुए कलाकार हैं। मैं तो खैर फिल्म में उनकी हीरोइन हूं तो मुझे तो उनका काम अच्छा लगेगा ही, लेकिन एक दर्शक के तौर पर कहूं तो ये शाहिद का आज तक का सर्वश्रेष्ठ अभिनय है।
लस्ट स्टोरीज में आपकी काफी तारीफ हुई, तेलुगू फिल्म भी सुपरहिट रही। वेब सीरीज और साउथ में काम करने के पीछे आपकी सोच क्या रही?
आज किसी एक्टर के लिए भाषा या प्लेटफॉर्म जैसी कोई दीवार नहीं बची है। मैं राष्ट्रीय स्तर की अभिनेत्री बनना चाहती हूं। इंटरनेशनल सिनेमा में भी काम करना चाहती हूं। दूसरी भाषाओं की फिल्मों में काम करने के पीछे मेरी यही सोच रही है कि मैं ज्यादा से ज्यादा सिने दर्शकों तक पहुंच सकूं।
और, इंदु की जवानी इसकी अगली कड़ी बनने जा रही है। लीड किरदार पाने में हिंदी सिनेमा की अभिनेत्रियों को तो कई साल लग जाते हैं?
इसे मैं उपलब्धि नहीं कहूंगी, कम से कम अभी तो नहीं। फिल्म बनेगी, लोगों को पसंद आएगी तो ये उपलब्धि कहलाएगी। इसका सारा श्रेय उन लोगों को है जिन्होंने इसे सोचा। एक महिला केंद्रित फिल्म बनाने के लिए बहुत आत्मविश्वास की जरुरत होती है। इंदू एक सीधी सी लड़की है, बहुत ही प्यारी है और खूब हंसी-खेल भरी उसकी जिंदगी हैं। मुझे इस फिल्म के लिए ऑडीशन भी नहीं देना पड़ा। अभी मैंने इंदू के लिए तैयारी शुरू नहीं की है। उसके लिए मैं सही ढंग से क्लासेज लेने वाली हूं लेकिन उससे पहले तो लक्ष्मी बॉम्ब आएगी।