जून 2016 में साहिल सहगल के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली एक्ट्रेस कीर्ति कुल्हारी (Kirti Kulhari) ने अपने पति से अलग होने का फैसला कर लिया है। कीर्ति ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है। सोशल मीडिया पर फैंस कीर्ति के इस फैसले से बेहद हैरान हैं और उन्हें मजबूत रहने की सलाह दे रहे हैं।
टूटे रिश्ते: साहिल सहगल से अलग हो रहीं कीर्ति कुल्हारी, पांच साल पहले रचाई थी शादी
कीर्ति ने लिखा- सभी की जानकारी के लिए बता दूं, मैंने और मेरे पति साहिल ने अलग होने का फैसला कर लिया है। कागज पर नहीं, जीवन में। एक निर्णय जो शायद 'किसी के साथ होने' के निर्णय की तुलना में कठिन है, क्योंकि एक साथ आना हर किसी के द्वारा सेलिब्रेट किया जाता है जिसे आप प्यार करते हैं और परवाह करते हैं। किसी के साथ होने से ज्यादा मुश्किल फैसला होता है किसी से अलग होना। लेकिन जो है उसको बदला नहीं जा सकता। वो सभी लोग जिन्हें मेरी फिक्र है मैं उन्हें बता दूं मैं ठीक हूं। इसके बाद मैं किसी भी तरह की कोई टिप्पणी नहीं करूंगी।
बता दें कि कृति और साहिल साथ में काम करते थे। वो दोनों एक विज्ञापन में साथ काम कर रहे थे और यहीं से उनके रिश्ते की शुरुआत हुई। दो महीनों की डेटिंग के बाद कृति ने साहिल को शादी के लिए प्रपोज किया। और आखिरकार 2016 में दोनों ने शादी रचा ली। अब शादी के करीब पांच साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया है।
2010 में कीर्ति ने 'खिचड़ी: द मूवी के साथ बड़े पर्दे पर अपने करियर की शुरुआत की और इसके बाद वह अलग अलग फिल्मों में छोटे बड़े रोल में दिखाई दीं। पिछले साल कीर्ति को वेब सीरिज क्रिमिनल जस्टिस के लिए काफी तारीफें मिली थीं।
कीर्ति अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी प्रोटेक्टिव हैं और इस बारे में ज्यादा बात करना पसंद नहीं करती हैं। बात करें साहिल की तो वे काफी प्राइवेट पर्सन हैं, सोशल मीडिया पर आप उनकी बहुत कम तस्वीरें ही देखेंगे।