अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षा बंधन' और आमिर खान स्टारर 'लाल सिंह चड्ढा' 11 अगस्त को बड़े पर्दे पर रिलीज हो चुकी हैं। दोनों फिल्मों को कलाकारों को उम्मीद थी कि ये बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करेंगी। लोगों को भी लगा था कि दो बड़े स्टार्स की फिल्म में जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिलेगी। हालांकि अब समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। लाल सिंह चड्ढा का जमकर बायकॉट किया जा रहा है, जिसका असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी दिखाई दे रहा है, वहीं रक्षाबंधन को भी वीकेंड का खास फायदा मिलता नहीं दिख रहा है, लेकिन दोनों फिल्में एक दूसरे से रेस में हैं, तो चलिए ऐसे में जानते हैं कि दूसरे दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में किसने मारी बाजी।
LSC vs Raksha Bhandhan: लाल सिंह चड्ढा और रक्षाबंधन का बॉक्स ऑफिस पर दूसरे दिन रहा ये हाल, जानिए कौन निकला आगे
अभिनेता आमिर खान बॉलीवुड की उन शख्सियत में से एक हैं, जो साल में गिनी चुनी फिल्में करते हैं। खास तौर पर अभिनेता को साल में सिर्फ एक फिल्म करने के लिए जाना जाता है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर उनकी फिल्म का पिटना एक बड़ा नुकसान होता है। वहीं अक्षय कुमार अपनी फिल्मों की शूटिंग कुछ ही दिनों में पूरी करने वाले अभिनेताओं में से एक हैं, लेकिन साल 2022 में उनकी 'बच्चन पांडे' और 'सम्राट पृथ्वीराज' जैसी मेगा बजट मूवी पहले ही फेल हो चुकी हैं। ऐसे में 'रक्षाबंधन' उनकी छवि के लिए बहुत मायने रखती है। फिलहाल जानते हैं दोनों फिल्मों का दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर क्या रहा हाल।
दूसरे दिन अक्षय की फिल्म ने की सिर्फ इतनी कमाई
भाई-बहन के प्यार को दिखाती अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षा बंधन' को मेकर्स ने बहुत सोच समझकर रक्षाबंधन के दिन ही रिलीज किया था, ताकि ये लोगों की भावनाओं के साथ कनेक्ट कर पाए। हालांकि फिल्म मेकर्स की परफेक्ट प्लानिंग के बावजूद इसका फायदा अक्षय की फिल्म को मिलता नहीं दिख रहा है। रक्षाबंधन की छुट्टियों के बाद भी दूसरे दिन अक्षय की फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखने को मिली है। सामने आए शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'रक्षा बंधन' ने पहले दिन की तुलना में दूसरे दिन 25 फीसदी कम कमाई की है। सामने आई बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 9 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। वहीं दूसरे दिन की बात करें तो रक्षा बंधन ने शुक्रवार को 6 से 6.40 करोड़ रुपये तक की कमाई की है।
ये रहा आमिर खान की फिल्म का दूसरे दिन का हाल
अक्षय की फिल्म की कमाई में दूसरे दिन जहां 25 प्रतिशत गिरावट देखने को मिली तो वहीं रिपोर्ट्स की मानें, तो आमिर खान की 'लाल सिंह चड्ढा' की कमाई में 35 प्रतिशत की कमी आई है। जानकारी के मुताबिक इस फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को 7.75 से लेकर 8. 25 करोड़ तक की कमाई की है।
आमिर खान की फिल्म का सोशल मीडिया पर जमकर विरोध हो रहा है, जबकि इस बार अक्षय के मामले में खासा ऐसा कुछ देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि इसके बावजूद भी 'लाल सिंह चड्ढा' एडवांस बुकिंग से लेकर अब तक बॉक्स ऑफिस पर रक्षा बंधन से बढ़त बनाए हुए हैं और दूसरे दिन के कलेक्शन में भी यह आगे रही। अब फिलहाल ये देखना दिलचस्प होगा कि पहला वीकेंड बीतने के बाद दोनों फिल्में आगे कैसा प्रदर्शन करती हैं।