डिजिटल रिव्यू: मेरी आशिकी
ये दुआ है मेरी रब से, तुझे आशिकों में सबसे, मेरी आशिकी पसंद आए, मेरी आशिकी पसंद आए...! सैक्सोफोन के क्लोज अप से कैमरा की-बोर्ड पर जाता है। नेवी की ड्रेस में कुछ साजिंदे साज बजा रहे हैं। की बोर्ड की सरगम पूरी होने के साथ परदे पर दिखते हैं राहुल रॉय और करिश्मा कपूर। फिर ऑर्केस्ट्रा का म्यूजिक पार्ट दिखता है और टॉप एंगल पर लगा कैमरा कुमार शानू को सामने से आते हुए कैच करता है। इसके बाद शुरू होता है सिनेमैटोग्राफर से फिल्म डायरेक्टर बने लॉरेंस डिसूजा की फिल्म सपने साजन के का गाना, मेरी आशिकी पसंद आए।
Meri Aashiqui Review: कुमार शानू के गाने से बड़ी लकीर खींचने की कोशिश में फेल हुए जुबिन नौटियाल
जैसा कि आपने वीडियो में देखा और सुना, इस गाने में कुमार शानू भी नजर आए। खूबसूरत अलका याग्निक भी नजर आईं और साथ ही नजर आया उनके चेहरे का काला तिल। लेकिन दोनों माइक लिए अपनी अपनी जगह हिंदी सिनेमा के गायकों की मर्यादा का ध्यान रखते हुए पूरे गाने में खड़े रहे। रोमांस का काम छोड़ दिया गया आशिकी ब्वॉय राहुल रॉय और उनकी हमकदम करिश्मा कपूर के लिए। सलमान खान, माधुरी दीक्षित और संजय दत्त की सुपर डुपर हिट फिल्म साजन के बाद लॉरेंस ने ये फिल्म बनाई थी। फिल्म फ्लॉप रही लेकिन इसके म्यूजिक ने सोनोटेक कैसेट कंपनी का नाम घर घर पहुंचा दिया। इसी फिल्म में एक और गाना तब बहुत सुपरहिट हुआ था, मेरे प्यार में, मेरे इंतजार में, सच सच कहो तुमने क्या किया..!
आप कहेंगे कि तय तो हुआ था कि जुबिन नौटियाल के नए गाने मेरी आशिकी की बात यहां की जाएगी और मैं सुनाने लग गया किस्से 28 साल पहले रिलीज हुई फिल्म सपने साजन के में आए गानों के। तो जनाब, ये जो टी सीरीज ने गीतकार जोड़ी रश्मि विराग को साथ लेकर और सिंगर जुबिन नौटियाल को म्यूजिक वीडियो का हीरो बनाकर गाना रिलीज किया है, मेरी आशिकी, ये इसी फिल्म के सबसे सुपरहिट गाने का मुखड़ा उठाकर बना है। कुमार शानू और अलका याग्निक ने परदे पर खुद आकर इस गाने को जो इज्जत बख्शी, उसी को आगे बढ़ाने की कोशिश जुबिन नौटियाल ने इस गाने में की तो जरूर लेकिन लकीर छोटी रह गई है।
गाने की शुरूआत में राम, सीता और रावण के विजुअल्स देख थोड़ी देर तो मन रमता है लेकिन परदे पर मोहब्बत की कसक दर्शा पाने में इहाना ढिल्लों का फेल होना पूरे गाने का करिश्मा छूमंतर कर देता है। ये सच है कि म्यूजिक वीडियो की प्रोडक्शन टीम ने लोकेशन इस गाने की बेहतरीन चुनी है। लेकिन, गानों के म्यूजिक वीडियो में सारा खेल चेहरे पर आने वाले भावों का है। टी सीरीज की क्रिएटिव टीम को अपने पुराने एलबम दीवाना के म्यूजिक वीडियोज एक बार फिर से निकालकर देखने चाहिए। वो सारे गाने और उसके म्यूजिक वीडियोज हिट होने में जितना हाथ उनके संगीत का था, उससे ज्यादा नहीं तो बराबर ही सही पर हाथ इन वीडियोज में काम करने वाले कलाकारों का भी रहा।
जुबिन नौटियाल के गाने मेरी आशिकी में मुखड़े का टेक ऑफ ही खराब है। रही सही कसर इसके स्टोरी बोर्ड ने पूरी कर दी। मेघालय की लोक कलाओं में दिखने वाली राम लीला के कुछ अंश भी इसमें डाले गए लेकिन घूम फिरकर क्रिएटिव राइटर फिर उसी चाय की टपरी, पहाड़ी का किनारा और झील की नाव पर आ गया। म्यूजिक वीडियोज का स्टोरी बोर्ड लिखने वालों को भारत देखने की जरूरत है। बारिश से ठीक पहले आए इस गाने का स्टोरी बोर्ड मौसम के हिसाब से होता तो और अच्छा होता। बारिशें आने के लिए राग मल्हार की जरूरत भी होती है, सिर्फ एक डॉयलॉग बरसते पानी में छाते के नीचे शूट करने से कुछ नहीं होता।
पढ़ें: सोनू सूद से भाजपा नेता ने भी मांगी मदद, अलका लांबा बोलीं- 'इस्तीफा देकर घर बैठ जाओ..'
कमेंट
कमेंट X