बॉलीवुड एक्टर मिलिंद सोमन मौजूदा समय में एक्टिंग से इतर अपनी फिटनेस के लिए ज्यादा जाने जाते हैं। मिलिंद 90 के दशक के टॉप मॉडल रह चुके हैं। मॉडलिंग की दुनिया में सफलता पाने के बाद उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इसकी शुरुआत उन्होंने छोटे पर्दे से की। साल 1996 में वह हिंदी धारावाहिक 'दायरा' में नजर आए। इस सीरियल के बाद वह कई और टीवी शोज में नजर आए। साल 1998 में आए सीरियल ‘कैप्टन व्योम’ से वह घर-घर में पहचान बनाने में कामयाब रहे। एक्टिंग से ज्यादा वह अपनी निजी जिंदगी की वजह से काफी सुर्खियों में रहे। आइए आज जानते हैं उनकी पहली शादी के बारे में...
Milind Soman: फिल्म के सेट पर विदेशी एक्ट्रेस को दिल दे बैठे थे मिलिंद सोमन, इस वजह से टूटा था रिश्ता
मिलिंद सोमन की लव लाइफ काफी चर्चा में रही है। कई महिलाओं के साथ उनका नाम जुड़ चुका है। लेकिन माइलिन जैम्पानोई के साथ नाम जुड़ने के बाद उन्होंने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। माइलिन एक फ्रेंच एक्ट्रेस हैं। कहा जाता है कि फिल्म के सेट पर दोनों प्यार में पड़ गए थे। फिल्म का नाम ‘वैली ऑफ फ्लावर’ था। इस फिल्म में मिलिंद माइलिन के को-एक्टर थे। दोनों के अलावा फिल्म में नसीरुद्दीन शाह ने भी काम किया था। साल 2006 में दोनों का प्यार ऐसा परवान चढ़ा कि बात शादी तक आ पहुंची।
साल 2006 में ही दोनों ने शादी का फैसला कर लिया। इसके लिए उन्होंने वेडिंग डेस्टिनेशन गोवा को चुना। 11 जुलाई 2006 को दोनों ने गोवा के एक टूरिस्ट रिसॉर्ट में शादी कर ली। शादी के कुछ समय तक दोनों के बीच सबकुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में धीरे-धीरे दोनों के बीच दूरियां पैदा होने लगी।
मिलिंद और माइलिन का रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका। दोनों ने शादी के महज दो साल के बाद अपनी राहें अलग करने का फैसला कर लिया। बताया जाता है कि काम की वजह से दोनों को एक दूसरे से अक्सर दूर रहना पड़ता था। जिसकी वजह से दोनों का रिश्ता कमजोर होता चला गया। साल 2008 में दोनों ने तलाक लेने का मन बना लिया और 2009 आते-आते इस रिश्ते को खत्म कर दिया।
