98 साल की उम्र में दिलीप कुमार ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। दिलीप कुमार का निधन 7 जुलाई 2021 को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में हुआ था। दिलीप कुमार का जाना हर किसी के लिए एक दुखद समय था। उनकी पत्नी सायरा बानो पर तो दुखों का पहाड़ ही टूट पड़ा था। दिलीप कुमार के घर पाली हिल पर उनके अंतिम दर्शन के लिए फिल्म हस्तियों के साथ-साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी पहुंचें थे। लेकिन इन सबके बीच एक कलाकार ऐसे भी थे जिन्हें अंतिम बार दिलीप कुमार को देखना नसीब न हुआ और उन्हें मन में इस बात का मलाल है कि वो हिंदुजा अस्पताल में होते हुए भी उनसे एक आखिरी बार नहीं मिल पाए। ये अभिनेता कोई और नहीं बल्कि बॉलीवुड के मशहूर कलाकार नसीरुद्दीन शाह हैं।
मलाल: दिलीप कुमार ने पूछा था नसीरुद्दीन शाह का हाल, पत्नी सायरा बानो अस्पताल में मिलने भी गईं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भावुक हुए नसीरुद्दीन शाह
एक मीडिया चैनल के साथ दिलीप कुमार के बारे में बात करते हुए नसीरुद्दीन शाह काफी भावुक हो गए। नसीरुद्दीन शाह ने खुलासा करते हुए बताया कि जब वो अस्पताल में भर्ती थे तो उस दौरान सायरा बानो उनसे मिलने के लिए और उनका हालचाल लेने के लिए आई थीं। नसीरुद्दीन शाह ने बताया कि दिलीप कुमार उनकी तबीयत के बारे में जानना चाहते थे। इसलिए उन्होंने सायरा बानो को अस्पताल में उनके पास मिलने के लिए भेजा था।
नसीरुद्दीन शाह का हालचाल जानने पहुंची थीं सायरा बानो
एक मीडिया से बातचीत में नसीरुद्दीन शाह 7 जुलाई 2021 को याद करते हुए काफी भावुक हो गए। उन्होंने मीडिया चैनल से बातचीत में उस दिन को याद किया जब अस्पताल में दिलीप कुमार के कहने पर सायरा बानो उनसे मिलने के लिए आईं थीं। उन्होंने उस पल को याद करते हुए कहा, 'सायरा बानो ने मेरे सिर पर हाथ रखकर मुझे आशीर्वाद दिया।'नसीरुद्दीन शाह ने कहा, 'सायरा बानो न मुझसे ये भी कहा, साहब आपके बारे में पूछ रहे थे।'
दिलीप साहब के अंतिम दर्शन न कर पाने का मलाल है
नसीरुद्दीन शाह ने मीडिया चैनल से खास बातचीत में ये भी कहा कि उनके दिल में ये मलाल हमेशा रहेगा कि वो दिलीप कुमार के अंतिम दर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने कहा, 'सायरा बानो की ये बात सुनकर मैं काफी भावुक हो गया। मैं अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले एक बार बस उनसे मिलना चाहता था। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण जिस दिन मुझे छुट्टी मिली, उसी दिन दिलीप साहब ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।' इस खास बातचीत में नसीरुद्दीन शाह ने उन दिनों को भी याद किया जब वो संघर्ष कर रहे थे और उन्होंने दिलीप कुमार के घर पर कई दिन बिताए थे। उन्होंने कहा, 'मैं लगभग एक हफ्ते तक उनके घर पर रुका था। उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे अपने घर लौट जाना चाहिए और पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। अच्छे परिवार के लोगों को अभिनेता बनने की इच्छा नहीं रखनी चाहिए।'
इसके अलावा एक न्यूज आर्टिकल में नसीरुद्दीन शाह ने कहा है कि दिलीप कुमार भारत के एक बड़े स्टार थे, लेकिन उन्होंने हिंदी सिनेमा या नए कलाकारों को आगे बढ़ाने में कोई खास योगदान नहीं दिया। दिलीप कुमार ने अपनी एक्टिंग के जरिए फिल्मों में एक अलग मुकाम हासिल किया था, जिसकी नकल कई एक्टरों ने करने की कोशिश की थी लेकिन उनकी नकल पकड़ी जाती थी। दिलीप कुमार ने कभी भी अपने अनुभव का फायदा आगे नहीं बढ़ाया।
दिलीप कुमार के साथ कर्मा में किया था काम
बता दें कि नसीरुद्दीन शाह ने दिलीप कुमार के साथ फिल्म कर्मा में काम किया था। नसीरुद्दीन शाह ने बताया कि दिलीप कुमार उनके पिता और उनकी बड़ी बहन सकीना आपा को जानते थे। कर्मा का निर्देशन सुभाष घई ने किया था। अपने उन शूटिंग के दिनों को याद करते हुए मशहूर अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने कहा, ' मेरे पूरे करियर में सिर्फ एकमात्र यही फिल्म थी जिसमें अभिनय करते वक्त में घबराया हुआ था। काफी बार तो मैं दिलीप साहब के पास जाने से भी घबराता था। पूरे दिन में मैं उन्हें शूट पर सिर्फ नमस्ते करता था।