राज कपूर के छोटे बेटे एक्टर राजीव कपूर का बीते रोज दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 58 साल के थे। मंगलवार को ही राजीव कपूर का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। जिसमें पूरे कपूर खानदान के अलावा बॉलीवुड के कई दिग्गज एक साथ दिखाई दिए।
इस वजह से नहीं होगा राजीव कपूर का चौथा, नीतू कपूर ने पोस्ट कर जताया दुख
अब खबर आ रही है कि राजूव कपूर का चौथा नहीं होगा। नीतू सिंह ने यह सूचना इंस्टाग्राम के जरिए साझा की। उन्होंने लिखा- मौजूदा कोरोना वायरस पैनडेमिक की वजह से सुरक्षा कारणों के चलते स्वर्गीय मिस्टर राजीव कपूर का चौथा नहीं होगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। पूरा राज कपूर परिवार इस दुख में साथ है।
बता दें पिछले कुछ साल कपूर खानदान के लिए ठीक नहीं रहे हैं। 2018 में राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का निधन हुआ था। 2020 की शुरुआत में राज कपूर की बड़ी बेटी रितु नंदा का देहांत हुआ। फिर अप्रैल में ऋषि कपूर का देहांत हो गया। और अब राजीव कपूर के निधन से परिवार को काफी धक्का लगा है।
राज कपूर के सबसे छोटे बेटे राजीव कपूर ने मंगलवार को मुंबई में अंतिम सांस ली। वह 58 वर्ष के थे। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ। उनके बड़े भाई रणधीर कपूर आखिरी समय उनके साथ मौजूद रहे। अस्पताल के बाहर रणधीर कपूर को स्पॉट किया गया।
राजीव कपूर का जन्म 25 अगस्त 1962 को मुंबई में हुआ था। राजीव ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत एक सहायक निर्देशक बनकर की थी। सबसे पहले वह आरके बैनर के तले बनी फिल्म बीवी ओ बीवी के निर्देशक राहुल रवैल के सहायक निर्देशक रहे। इसके बाद खुद राज कपूर ने ही उन्हें अपने साथ एक सहायक निर्देशक के तौर पर रखा। बतौर अभिनेता उन्होंने फिल्म एक जान हैं हम (1983) से डेब्यू किया था। राजीव कपूर को फिल्म राम तेरी गंगा मैली (1985) से बड़ी पहचान मिली थी। उनकी मुख्य फिल्मों में आसमान, लवर ब्वॉय, जबरदस्त, हम तो चले परदेस, अंगारे और नाग नागिन सहित अन्य हैं।