96वां अकादमी पुरस्कार कार्यक्रम इस साल 10 मार्च को आयोजित होने जा रहा है। भारत में 11 मार्च की सुबह साढ़े चार बजे से ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर इस इवेंट को देखा जा सकेगा। ऑस्कर अवॉर्ड्स मनोरंजन की दुनिया में दिया जाने वाला सबसे बड़ा अवॉर्ड है। इसे हासिल करने का सपना हर कलाकार का होता है। आज हम आपको उन भारतीयों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड अपने नाम किया है।
Oscars: इन भारतीय कलाकारों ने ऑस्कर पाकर बढ़ाया देश का मान, लिस्ट में रहमान से लेकर कीरावनी तक के नाम
फिल्म गांधी साल 1982 में रिलीज हुई थी। फिल्म को पूरी दुनिया में काफी सराहा गया था। इस फिल्म ने कई अवॉर्ड अपने नाम किए। फिल्म के लिए भानु अथैया को सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइन के ऑस्कर अवॉर्ड से नवाजा गया। भानु के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने गुरुदत्त, यश चोपड़ा, बी.आर. चोपड़ा सहित कई दिग्गज भारतीय फिल्मकारों के साथ 90 से अधिक फिल्मों में काम किया था।
सत्यजीत रे को केवल बंगाल ही नहीं बल्कि भारतीय सिनेमा के बेहतरीन निर्देशकों में से एक माना जाता है। 1992 में 64वें अकादमी पुरस्कार में एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने रे को लाइफटाइम अचीवमेंट के मानद ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित किया था।
रेसुल पूकुट्टी साउंड डिजाइनर, साउंड एडिटर और ऑडियो मिक्सर हैं। साल 2009 में 81वें अकादमी पुरस्कार में फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर में उनके काम के लिए उन्हें ऑस्कर अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने इयान टैप और रिचर्ड प्राइके के साथ यह पुरस्कार हासिल किया। उन्होंने ब्रिटिश के साथ हिंदी, तमिल और मलयालम भाषाओं की भी फिल्मों में काम किया है।
देश के सबसे लोकप्रिय संगीतकारों में एआर रहमान का नाम भी जरूर शामिल किया जाता है। वे अपनी धुनों से लोगों को थिरकने पर मजबूर कर देते हैं। रहमान ने ऑस्कर में स्लमडॉग मिलिनेयर के लिए दो पुरस्कार जीते हैं। उन्होंने एक पुरस्कार ओरिजनल स्कोर और दूसरा बेस्ट ओरिजनल गाने की कैटेगरी में जीता है।