तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार अभिनेता प्रभास की घोषित फिल्म 'सालार' का उद्घाटन हो गया है। शुक्रवार के दिन फिल्म के निर्माताओं ने हैदराबाद के रामानायडू स्टूडियोज में एक मुहूर्त पूजा रखी जिसमें प्रभास के अलावा कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डॉक्टर सीएन अश्वथनारायण ने मौजूद रहकर समारोह की शोभा बढ़ाई। पूजा के समय फिल्म के निर्माता और निर्देशक भी मौजूद रहे लेकिन आकर्षण का मुख्य केंद्र बने कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार अभिनेता यश।
देखिए तस्वीरें, प्रभास की नई फिल्म का हुआ मुहूर्त, पूजा में पहुंचे कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और 'केजीएफ' स्टार यश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसएस राजामौली की 'बाहुबली' सीरीज में बाहुबली का किरदार निभा कर देश भर में मशहूर हो चुके अभिनेता प्रभास ने विजय किरागंदुर के निर्माण में बनने वाली फिल्म 'सालार' को साइन किया है जिसका निर्देशन करने की जिम्मेदारी प्रशांत नील को दी गई है। विजय और प्रशांत की जोड़ी इस समय कन्नड़ सिनेमा को 'केजीएफ' जैसी फिल्म देने के लिए मशहूर है। यह सभी कलाकार फिल्म 'सालार' के मुहूर्त के लिए रखी गई पूजा के वक्त शुक्रवार को एक साथ देखे गए।
'सालार' की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री अश्वथनारायण ने कहा, 'निर्माता विजय ने 'केजीएफ' जैसी फिल्म दी है और अब वह 'सालार' फिल्म बनाने जा रहे हैं। इसके साथ ही उनसे दर्शकों की आशाएं और भी ज्यादा बढ़ गई हैं। 'सालार' के साथ कन्नड़ सिनेमा सीमाओं को लांघेगा और इसी के साथ वह देश के हर एक दर्शक तक पहुंचेगा। बाकी बची कसर प्रभास पूरी करेंगे। इसके साथ ही प्रभास कन्नड़ भाषा के दर्शकों तक भी अपनी अच्छी पहुंच बनाएंगे और वह दर्शक भी प्रभास का पूरे दिल से स्वागत करेंगे।'
उधर फिल्म 'सालार' के निर्माता विजय किरागंदुर ने अपने बयान में कहा, 'फिल्म 'बाहुबली' में प्रभास का काम देखकर मैं तो उनका प्रशंसक बन गया। जब मैंने वह फिल्म देखी तो मैं हैरान था। अब मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला है। मुझे इस बात की बहुत खुशी है। हम यह फिल्म कन्नड़, तेलुगु, तमिल, मलयालम और हिंदी भाषा के लिए बनाएंगे। अच्छी बात यह है कि फिल्म का निर्देशन प्रशांत नील ही करेंगे जो इस समय हमारी फिल्म 'केजीएफ चैप्टर 2' को भी बना रहे हैं।'
शुक्रवार को फिल्म 'सालार' की मुहूर्त पूजा में 'केजीएफ' स्टार यश भी अपनी फिल्म के दूसरे कलाकारों रवि बसरूर, भुवन गौड़ा के साथ मौजूद रहे। निर्माताओं ने 'सालार' की घोषणा कुछ दिन पहले ही की है और प्रभास का एक पोस्टर भी जारी किया। लेकिन, अब तक फिल्म में दूसरे कलाकारों की कोई चर्चा नहीं है। निर्माताओं ने अब तक दूसरे कलाकारों का चयन ही नहीं किया। इधर, प्रभास फिलहाल अपनी फिल्म 'राधे श्याम' को पूरा करने की कोशिश में हैं जिसकी शूटिंग लगभग खत्म है। इसके बाद उन्हें ओम राउत के निर्देशन में अपनी फिल्म 'आदिपुरुष' की शूटिंग भी शुरू करनी है।