बॉलीवुड की डिंपल गर्ल प्रीति जिंटा काफी समय से बॉलीवुड से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए वो अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं। अपनी मुस्कराहट और भोलेपन से लोगों के दिलों को घायल कर देने वाली एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने बॉलीवुड में खूब नाम कमाया है। ये ही वजह है कि फिल्मों से दूर रहने के बाद भी उनके चाहने वालों की कमी नहीं हुई है। हाल ही में प्रीति ने अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है जो उनकी पहली फिल्म 'दिल से' के समय की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने बहुत ही मजेदार बात लिखी है।
'दिल से' के दौरान फराह खान ने प्रीति जिंटा से करवाया था ये काम, एक्ट्रेस ने तस्वीर शेयर कर कही दिल की बात
बता दें कि प्रीति ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने गाने 'जिया जले...' की एक तस्वीर शेयर करते हुए मजाक किया है। दरअसल इस तस्वीर में वो हाथियों के सामने डांस करती नजर आ रही हैं। उन्होंने अपना ही मजाक उड़ाते हुए कहा कि, 'ये हाथी में क्या सोच रहे होंगे कि मैं क्या कर रही हूं, पर मैं तो केवल फराह खान की बातों को सुनते हुए अपने डांस स्टेप्स कर रही थी'। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 'दिल से' फिल्म की ये उनकी सबसे पसंदीदा तस्वीर हैं। अब प्रीति के इस तस्वीर पर फैंस के भी ढेरों कमेंट आ रहे हैं।
बता दें कि प्रीति जिंटा ने बॉलीवुड में फिल्म 'दिल से' ही डेब्यू किया था। इस फिल्म में वो सपोर्टिंग रोल में थीं, लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी एक्टिंग से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया था। इस फिल्म की सफलता ने प्रीति के करियर में चार चांद लगा दिए थे। इसके बाद प्रीति जिंटा ने बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक हिट फिल्मों में काम किया था।
गौरतलब है कि बॉलीवुड में प्रीति जिंटा ने कई सुपरहिट हीरो के साथ काम किया था, लेकिन शाहरुख खान के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को काफी पसंद आती थी। शाहरुख के साथ प्रीति ने 'दिल से', 'कल हो ना हो', 'कभी अलविदा ना कहना' और 'वीर जारा' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा प्रीति ने 'कोई मिल गया', 'सोल्जर', 'क्या कहना' जैसी कई हिट फिल्मों में काम कर लोगों को अपना दीवाना बनाया था।
बता दें कि आखिरी बार प्रीति जिंटा को फिल्म 'भईया जी सुपरहिट' में देखा गया था। हालांकि ये फिल्म बड़े पर्दे पर फ्लॉप हुई थी। इसके बाद से प्रीति ने फिल्मों से दूरी बना ली। प्रीति आईपीएल मैच के दौरान हमेशा चर्चा में रहती हैं क्योंकि वो 'किंग्स इलेवन पंजाब' टीम की सहमालकिन हैं। बता दें कि साल 2016 में प्रीति ने अमेरिकी बैंकर जीन गुडइनफ से शादी कर अपना घर बसा लिया था। अपने पति के साथ प्रीति काफी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती हैं जो फैंस को काफी पसंद आती है।