देश में लॉकडाउन के बीच टीवी के धारावाहिक 'हमारी बहू सिल्क' के कलाकारों को भुगतान न मिलने के उपजे ताजा विवाद में एक नई कहानी सामने आई है। शो के निर्माताओं में से एक सिल्वर आइवरी प्रोडक्शन के मालिक ज्योति गुप्ता ने अपनी सफाई में कहा है कि शो के बाकी कलाकारों और कर्मचारियों की तरह वह भी भुगतान न होने वाले दर्द से पीड़ित हैं। उन्होंने शुरुआत से लेकर अंत तक की पूरी कहानी मीडिया को बताते हुए कहा है कि चैनल और शो की दूसरी निर्माता कंपनी ग्लोबल प्रोडक्शन और क्ले पिक्चर एलएलपी की लड़ाई में उन्हें पीसा गया है।
'हमारी बहू सिल्क' के कलाकारों का पैसा न मिलने के मामले में नया मोड़, प्रोड्यूसर ने चैनल पर मढ़ा दोष
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मीडिया को दिए एक लंबे चौड़े स्टेटमेंट में ज्योति गुप्ता ने बताया है कि इस शो का निर्माण उनसे पहले ग्लोबल प्रोडक्शंस के मालिक सोहेब हसन और क्ले पिक्चर की मालिक देव्यानी राले चैनल जी टीवी के साथ मिलकर कर रहे थे। ज्योति ने कहा, 'जब क्ले पिक्चर और ग्लोबल प्रोडक्शंस के बीच किन्हीं मुद्दों पर तनातनी हो गई तब देव्यानी ने मुझसे इस शो में लाइन प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़ने की गुजारिश की। क्योंकि, चैनल इस शो को शुरू होने से पहले ही निर्विवाद करने के लिए किसी और निर्माता को देने वाला था या फिर बंद करने वाला था।'
ज्योति ने बताया कि देव्यानी ने उनसे इस शो को फाइनेंस करने की भी बात कही, बदले में उन्होंने यह भरोसा जताया कि वह हमेशा उनके समर्थन में खड़ी रहेंगी। ज्योति बताते हैं, 'मैं भावनाओं में बहकर सकारात्मक भाव के साथ इस शो के साथ काम करने के लिए राजी हो गया। लेकिन इस शो के लिए चैनल से जो भी डील हुई थी वह सीधे देव्यानी के साथ हुई थी। उन्होंने इस शो को पूरी तरह से मेरे हाथ में कभी दिया ही नहीं था। जब लोगों के सामने ऐसा वक्त आया है तब इस घटना का पूरा दोष मेरे ऊपर डाल दिया गया है।'
यह शो पिछले साल नवंबर में ही ऑफ एयर हो चुका है। इसकी कहानी बताते हुए ज्योति कहते हैं, 'मेरे पास अक्टूबर में इस शो को बंद करने का नोटिस आया जिसमें कारण बताया गया था कि शो की टीआरपी नहीं आ रही है। मैंने जी चैनल के साथ एक मीटिंग करके इस शो को थोड़ा और समय देने के लिए गुजारिश की। लेकिन देव्यानी और मेरे बीच हुई बातचीत का चैनल को कोई ज्ञान ही नहीं था। दरअसल, देवयानी ने चैनल को बताया ही नहीं था कि वह इस शो को मेरे साथ मिलकर चला रही हैं। चैनल ने इस शो को बंद कर दिया और उसी के साथ ही देवयानी भी गायब हो गईं।'
ज्योति कहते हैं कि चैनल से पैसा लेने की जिम्मेदारी देव्यानी के पास थी लेकिन जब इन दोनों ने उन्हें प्रतिक्रिया देना ही बंद कर दिया तो उन्होंने कानूनी कार्यवाही करने की बात कही। ज्योति ने बताया, 'उस समय चैनल ने कहा कि आप तीनों कंपनी यानी देव्यानी, सोहेब और मैं मिलकर आपसी झगड़ों का निपटारा कर लें, उसके बाद चैनल के पास आएं। हम तीनों आपसी समझौता करके चैनल के पास गए और पैसे का हिसाब करने के लिए कहा। उस समय चैनल ने मौखिक रूप से हमें सांत्वना दे दिया। मैंने कई कारीगरों को अपनी तरफ से आगे की तारीख का चेक पकड़ा दिया। लेकिन, उस मीटिंग के बाद जी चैनल ने हमसे बात करना ही बंद कर दिया।'
अपनी सफाई में मौजूदा स्थिति को देखते हुए ज्योति ने कहा, 'आज लोग इन सब का जिम्मेदार मुझे ठहरा रहे हैं। जबकि, हकीकत यह है कि उनकी तरह मैं भी इस घटना का शिकार हुआ हूं। मैं बस यही प्रार्थना कर सकता हूं कि जी चैनल जल्द से जल्द पैसा रिलीज करे और हम सभी लोगों का हिसाब कर दें।' बता दें कि यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब इस शो में काम करने वाले कुछ कलाकारों ने सोशल मीडिया पर अपना भुगतान ना होने पर शो के निर्माताओं के खिलाफ आवाज उठाई। इस शो में चाहत पांडे, उर्वी सिंह, जान खान, रीवा चौधरी, मानस शाह, राजेश कुमार, सरिता जोशी, कीर्ति चौधरी और ममता वर्मा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
पढ़ें: 'हमारी बहू सिल्क' के कलाकारों के समर्थन में आईं कृति सेनन, सिनटा से की बकाया भुगतान कराने की मांग