संगीतकार, म्यूजिक डायरेक्टर, अभिनेता और कॉमेडियन के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले पंचम दा उर्फ आरडी बर्मन आज भी लोगों के दिलों पर राज करते हैं। पंचम दा की शुरुआत तो फिल्म इंडस्ट्री में म्यूजिक डायरेक्टर के रूप में हुई थी। लेकिन समय के साथ उन्होंने अभिनय में भी हाथ आजमाया। इसमें भी आरडी बर्मन हिट साबित हुए। वो एक अच्छे अभिनेता के साथ ही अच्छे कॉमेडियन के रूप में भी सामने आए।
आरडी बर्मन धोखे से बने थे अभिनेता, इंटरव्यू में खोला था राज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जितने दिलचस्प किरदार आरडी बर्मन की फिल्मों के होते थे उतने ही दिलचस्प वो खुद भी थे। आरडी बर्मन का फिल्मी सफर भी बड़ा ही दिलचस्प रहा है। उनके फिल्मों में अभिनेता के रूप में पहचान बनाने की कहानी भी बड़ी ही दिलचस्प है। इसके बारे में उन्होंने खुद ही अपने एक इंटरव्यू में बताया था। उन्होंने बताया था कि उन्हें धोखे से अभिनेता बनाया गया है।
आरडी बर्मन से एक इंटरव्यू में पूछा गया था कि वो एक्टिंग की दुनिया में कैसे आए? इसके जवाब में उन्होंने बताया, 'उस टाइम में मैं और महमूद काफी अच्छे दोस्त थे। एक दिन मुझे उसने (महमूद ने) बुलाया और बोला कि हमारी फिल्म 'भूत बंगला' की शूटिंग चल रही है, तुम आओ और देखो कैसे क्या होता है। मैं वहां गया, तो उसने मुझे एक ड्रेस लाकर दी और बोला कि ये जो तुम पहने हो उसकी जगह ये ड्रेस पहनो। मैंने वो ड्रेस पहन ली। ड्रेस पहनकर मैं उनके मेकअप रूम में आ गया। हमलोग बैठकर गपशप कर रहे थे। इतने में उनका भाई उस्मान आया और उसने मेरे ऊपर एक बाल्टी पानी डाल दिया। ये देख मुझे काफी गुस्सा आया'।
आगे उन्होंने बताया, 'पानी डालने के बाद उस्मान ने कहा, अब कुछ नहीं हो सकता अब तो आपको खड़ा होना पड़ेगा। सेट पर बारिश हो रही है आपको एक शॉट देना पड़ेगा। मैंने जा कर एक शॉट दिया। शॉट देखकर वहां मौजूद लोगों ने खूब तालियां बजाई। मेरे शॉट देने के बाद वहां मौजूद सभी लोगों ने मुझे कहा कि अब तो आप फंस गए। मैंने पूछा वो कैसे? तो लोग बोले कि अब आप इस फिल्म का हिस्सा बन गए हैं आप इसे बीच में छोड़कर नहीं जा सकते। आपको इस पूरी फिल्म की शूटिंग करना ही पड़ेगी'। और इस तरह से पंचम दा का म्यूजिक कंपोजर से सिंगर और फिर सिंगर से अभिनेता बन गए।
आर डी बर्मन ने हिंदी फिल्मों के संगीत में 60 से 80 के दशक में एकछत्र राज किया है। इस दौर में केवल गानों के हिट होने से ही फिल्में हिट हो जाया करती थीं। आरडी बर्मन आज भी फिल्म इंडस्ट्री का एक अहम हिस्सा हैं। उनके गानों को आज भी गुनगुनाया जाता है। पंचम दा का म्यूजिक से ऐसा बेजोड़ नाता था कि वो मरते दम तक म्यूजिक ही बनाते रहे थे। उनकी मृत्यु के बाद उनकी आखिरी फिल्म '1942 अ लव स्टोरी' रिलीज हुई थी। इस फिल्म के लिए पंचम दा को फिल्मफेयर के बेस्ट म्यूजिशियन अवॉर्ड से नवाजा गया था।