अंतरिक्ष वैज्ञानिक नंबी नारायणन की अपने ही देश में हुई छीछालेदर की रुला देने वाली कहानी फिल्म ‘रॉकेट्री’ ने अपनी रिलीज का एक महीना पूरा कर लिया है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड करीब 45 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म के हिंदी संस्करण को जिस तरह से दर्शकों ने प्यार और दुलार दिया, उससे फिल्म के निर्माता, निर्देशक माधवन अभिभूत हैं। माधवन ने इसके लिए अपने सभी प्रशंसकों का आभार जताया है और साथ ही ये भी कहा कि फिल्म ‘रॉकेट्री’ के हिंदी संस्करण को सफल बनाने में ‘अमर उजाला’ के पाठकों के योगदान को वह कभी नहीं भूल पाएंगे।
Rocketry: बॉक्स ऑफिस पर ‘रॉकेट्री’ ने पूरा किया कामयाब महीना, माधवन ने ‘अमर उजाला’ पाठकों का जताया आभार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म ‘रॉकेट्री’ जब 1 जुलाई को रिलीज हुई तो इसे लेकर कहीं कोई चर्चा नहीं थी। फिल्म के वितरकों ने इसके हिंदी संस्करण को लेकर कोई प्रचार नहीं किया। यहां तक कि तमाम सिनेमाघरों में तो फिल्म के पोस्टर तक नहीं लगे। लेकिन, फिल्म देखकर निकलने वाले लोगों ने जब इसके बारे में सोशल मीडिया पर लिखना शुरू किया और ‘अमर उजाला’ ने इसके पीछे की ‘दुरभिसंधि’ का खुलासा किया तो हालात बदलने शुरू हुए। इसके बाद न सिर्फ फिल्म के शोज बढ़ने शुरू हुए बल्कि तमाम हिंदी न्यूज चैनलों ने माधवन और नंबी नारायणन को अपने स्टूडियोज में बुलाकर इस पर खूब चर्चाएं कीं।
अंतरिक्ष वैज्ञानिक नंबी नारायणन की बायोपिक फिल्म ‘रॉकेट्री’ को रिलीज के पहले दिन हिंदी इलाकों में सिर्फ 95 लाख रुपये की ओपनिंग मिली थी। मुंबई में फिल्म बाजार के दिग्गजों के बीच ये चर्चा थी कि फिल्म ज्यादा से ज्यादा हिंदी में चार पांच करोड़ रुपये कमाकर सिनेमाघरों से उतर जाएगी। लेकिन, फिल्म ने ‘जुग जुग जियो’ और ‘राष्ट्रकवच ओम’ जैसी फिल्मों से सीधा मुकाबला किया और महीने का आखिर आते आते सिर्फ हिंदी में 22.10 करोड़ रुपये कमाने में सफल रही। ये इसकी ओपनिंग से 23 गुना ज्यादा है।
हिंदीभाषी क्षेत्रों में तो फिल्म ‘रॉकेट्री’ को सफलता मिली ही, इसका वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी अब तक करीब 45 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू चुका है। दिलचस्प पहलू ये भी है कि फिल्म ‘रॉकेट्री’ अब तकरीबन सभी भारतीय भाषाओं में ओटीटी पर उपलब्ध है। फिल्म का हिंदी संस्करण वूट पर और बाकी भाषाई संस्करण दूसरे ओटीटी पर मौजूद हैं। लेकिन, इसके बावजूद फिल्म सिनेमाघरों से अभी उतरी नहीं है। फिल्म के हिंदी संस्करण की कमाई में अभी करीब दो करोड़ रुपये का इजाफा होने की उम्मीद और की जा रही है।
इस बारे में फिल्म में नंबी नारायणन का किरदार करने वाले अभिनेता आर माधवन कहते हैं, ‘हमने जिन संघर्षों से गुजरकर फिल्म ‘रॉकेट्री’ बनाई, उससे कहीं ज्यादा संघर्ष हमें फिल्म की रिलीज को लेकर भी करना पड़ा। लेकिन मुझे खुशी है कि दर्शकों ने फिल्म को प्यार दिया और सबसे ज्यादा मैं शुक्रगुजार हूं ‘अमर उजाला’ के पाठकों का जिन्होंने दूर दराज के शहरों में फिल्म को देखा और अपनी भावनाएं न सिर्फ सोशल मीडिया पर साझा की बल्कि मुझ तक भी इसके संदेश भेजे।’