सुपरस्टार रजनीकांत 12 दिसंबर को 70 साल के हो गए हैं। इस मौके पर दुनियाभर में मौजूद उनके प्रशंसक ना केवल उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं बल्कि कई जगहों पर प्रशंसक इस खास मौके को सेलिब्रेट कर रहे हैं। रजनीकांत के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
रजनीकांत के 70वें जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, एक्टर ने इस तरह जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा- ‘प्रिय रजनीकांत जी, आपको जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपकी जिंदगी लंबी और स्वस्थ हो।‘ इस पर रजनीकांत ने भी पीएम मोदी का आभार जताते हुए लिखा- 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आपकी शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया।'
Respected dear @narendramodi Ji , thank you very much for your kind wishes 🙏🏻 https://t.co/TFw2MHV4bK Dear @rajinikanth Ji, wishing you a Happy Birthday! May you lead a long and healthy life.
रजनीकांत ने हाल ही में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2021 में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया। रजनीकांत इस महीने के आखिर तक एक अलग राजनीतिक पार्टी का एलान कर सकते हैं। तमिलनाडु में अप्रैल-मई 2021 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
बता दें कि रजनीकांत का जन्म 12 दिसंबर 1950 को बंगलूरू में हुआ था। उनके प्रति लोगों की दीवानगी इस हद तक है कि प्रशंसक उन्हें 'भगवान' मानते हैं। रजनीकांत की फिल्में सुबह साढ़े तीन बजे तक रिलीज हो जाती हैं। हालांकि बचपन में उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी जिसके चलते वह कुली का काम करते थे। बाद में कुछ समय तक उन्होंने बस कंडक्टर की भी नौकरी की थी।
रजनीकांत की रुचि फिल्मों में हमेशा से रही। इसमें उनके एक दोस्त राज बहादुर ने मदद की और मद्रास फिल्म इंस्टिट्यूट में दाखिला लेने के लिए कहा। रजनीकांत ने अपने करियर की शुरुआत साल 1975 में रिलीज हुई फिल्म 'अपूर्वा रागनगाल' से की थी। इस फिल्म में उनके अलावा कमल हासन और श्रीविद्या जैसे बड़े सितारों ने भी काम किया था। अपने करियर के शुरुआती दिनों में उन्होंने कई नकारात्मक भूमिकाएं निभाई थीं। पहली बार रजनीकांत ने फिल्म 'भुवन ओरु केल्विकुरी' में हीरो का रोल किया। साल 1983 में उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। उनकी पहली हिंदी फिल्म ‘अंधा कानून’ थी। आज रजनीकांत दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े स्टार कहे जाते हैं।