हिंदी सिनेमा और दक्षिण भारतीय सिनेमा के बीच तेज हुई जंग में अभिनेता रवि तेजा की तेलुगू फिल्म ‘खिलाड़ी’ ने इसी के साथ रिलीज हुई अभिनेता राजकुमार राव की हिंदी फिल्म ‘बधाई दो’ को मात दे दी है। फिल्म ‘बधाई दो’ ने जहां रिलीज के पहले तीन दिनों यानी शुक्रवार, शनिवार और रविवार को मिलाकर कुल 7.50 करोड़ रुपये की कमाई की, वहीं फिल्म ‘खिलाड़ी’ ने पहले तीन दिनों में 13.32 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म ‘खिलाड़ी’ की इस कमाई में इसके हिंदी संस्करण की 80 लाख रुपये की कमाई भी शामिल है। ‘अमर उजाला’ ने हाल ही में एक खास रिपोर्ट में आपको बताया था कि भारतीय सिनेमा के कुल कारोबार में तेलुगू सिनेमा ने हिंदी सिनेमा को पीछे छोड़ दिया है।
Rajkumar Rao Vs Ravi Teja: राजकुमार की फ्लॉप फिल्मों ने की ‘बधाई दो’ से बेहतर कमाई, रवि तेजा ने भी मारा पंच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिंदी सिनेमा से हिंदी भाषी दर्शकों की होती अनिच्छा के चलते दक्षिण भारतीय फिल्में अब सीधे अपनी मूल फिल्म रिलीज के साथ ही हिंदी में भी रिलीज होने लगी हैं। अभिनेता अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा पार्ट वन’ के ओटीटी पर रिलीज होने के बावजूद हिंदी में बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से ऊपर कमाई कर लेने से दक्षिण भारतीय फिल्म निर्माताओं के हौसले बुलंद है। इसी महीने बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ा मुकाबला हिंदी फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और तमिल फिल्म ‘वलिमै’ में होने वाला है और अभिनेता अजित कुमार फिलहाल इस मुकाबले में आलिया भट्ट पर भारी पड़ते दिख रहे हैं।
बीते हफ्ते रिलीज हुई फिल्मों ‘बधाई दो’ और ‘खिलाड़ी’ में से ओपनिंग फिल्म ‘खिलाड़ी’ की शानदार लगी। इस फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन 6.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेकर हंगामा कर दिया। इसके मुकाबले ‘बधाई दो’ की ओपनिंग 1.50 करोड़ रुपये रही। हालांकि फिल्म ‘बधाई दो’ ने अच्छे रिव्यूज और लोगों की बातचीत से मिले प्रचार के चलते अगले दो दिन अपना कारोबार बेहतर किया। ‘बधाई दो’ ने शनिवार को 2.50 करोड़ रुपये और शनिवार को 3.25 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म की पहले वीकएंड की कुल कमाई अब तक 7.50 करोड़ रुपये हो चुकी है। लेकिन, राजकुमार की चंद फ्लॉप फिल्मों ने भी इससे ज्यादा कमाई पहले वीकएंड में की है।
वहीं फिल्म ‘खिलाड़ी’ ने पहले दिन 6.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेने के बाद अगले दिन भारी नुकसान उठाया और फिल्म का दूसरे दिन का कलेक्शन सिर्फ 3.63 करोड़ रुपये ही हो सका। फिल्म ने रविवार को उससे भी कम 2.94 करोड़ रुपये कमाए। रवि तेजा की इस फिल्म की कुल कमाई पहले वीकएंड में 13.32 करोड़ रही। इसमें फिल्म के हिंदी संस्करण से मिले 80 लाख रुपये भी शामिल हैं। दिलचस्प बात ये कि फिल्म ‘खिलाड़ी’ का कुल कलेक्शन भले शुक्रवार के मुकाबले शनिवार व इतवार को गिरा हो लेकिन इसके हिंदी संस्करण का कारोबार पहले दिन के 20 लाख के मुकाबले शनिवार को 28 लाख और रविवार को 32 लाख रुपये रहा।
राजकुमार राव की अब तक रिलीज फिल्मों में पहले वीकएंड का सबसे ज्यादा कलेक्शन अब तक फिल्म ‘स्त्री’ का रहा है। इस फिल्म ने पहले वीकएंड में 31.26 लाख रुपये कमाए थे। इसके बाद पहले वीकएंड में कमाई के हिसाब से जो फिल्में क्रम से शामिल रहीं, वे हैं, ‘जजमेंटल हैं क्या’ 19 करोड़ रुपये, ‘रूही’ 12.58 करोड़ रुपये, ‘बरेली की बर्फी’ 11.52 करोड़ रुपये, ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ 11.83 करोड़ रुपये और ‘डॉली की डोली’ 10.75 करोड़ रुपये। भारतीय सिनेमा के कुल कारोबार में हिंदी सिनेमा का कारोबार दो साल पहले तक करीब 55 फीसदी होता रहा है लेकिन अब ये गिरकर 27 फीसदी पर आ गया है। तेलुगू सिनेमा की हिस्सेदारी अब 28 फीसदी है।