रक्षा बंधन का त्यौहार भाई और बहन के बीच प्रेम और सुरक्षा की भावना का प्रतीक है। यह त्यौहार बड़े ही उत्साह से मनाया जाता है और इसमें बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है। इस रक्षा बंधन पर एण्डटीवी के धारावाहिकों की नायिकाएं अपने भाइयों के साथ अपने खास रिश्ते और इस साल के जश्न के बारे में बात कर रही हैं। इन कलाकारों में शामिल हैं, शिव्या पठानिया (देवी पार्वती, ‘बाल शिव’), कामना पाठक (राजेश सिंह, ‘हप्पू की उलटन पलटन’) और विदिशा श्रीवास्तव (अनीता भाबी, ‘भाबीजी घर पर हैं’)।
Rakshabandhan 2022: शूटिंग के बीच शुरू हुईं रक्षा बंधन की तैयारियां, शिव्या, कामना और विदिशा ने साझा किए एहसास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एण्डटीवी के ‘बाल शिव‘ की देवी पार्वती यानि शिव्या पठानिया ने कहा, ‘‘हम रक्षा बंधन को बड़े पारंपरिक तरीके से मनाते हैं। मेरे होमटाउन, हिमाचल प्रदेश में यह हमेशा एक बड़ा त्यौहार होता है। मेरे बड़े परिवार के साथ हम अपने पुराने घर में इस त्यौहार को मनाते हैं। हमारे घर में यह एक रिवाज जैसा है कि हम अपने भाइयों को राखी बांधने के बाद अपने पसंदीदा पकवानों पर टूट पड़ते हैं। और इस साल भी कुछ नहीं बदलेगा। मेरे व्यस्त शूटिंग शेड्यूल के कारण मैं इस साल अपने परिवार के साथ नहीं रहूंगी। लेकिन अपनी छोटी बहन दिव्या को राखी भेजूंगी, जो मेरी तरफ से मेरे भाई शिवम को राखी बांधेगी और मैं वीडियो कॉल पर यह देखूंगी। लेकिन मेरा रक्षा बंधन यहीं खत्म नहीं होगा। जैसे ही मुझे मौका मिलेगा, मैं घर जाऊंगी और अपने परिवार और प्यारे भाई के साथ प्यार भरे पल बिताऊंगी। तोहफा भी तो लेना है।”
‘हप्पू की उलटन पलटन‘ की राजेश यानि कामना पाठक ने कहा, ‘‘चूंकि मैं एक भरे-पूरे भारतीय परिवार से आती हूं, इसलिये यह त्यौहार मेरे लिये हमेशा भव्य रहा है। मेरे घर की राखी पार्टी में मुंह में पानी लाने वाले कई पकवान होते हैं। मेरी मां बेहद लजीज एपेटाइजर्स से लेकर स्वादिष्ट डेज़र्ट्स तक सबकुछ बनाती है। मेरे शूट शेड्यूल और मेरे भाई के ट्रैवेल प्लांस को देखते हुए, हम वर्चुअली त्यौहार मनाएंगे। लेकिन मैं अपनी राखी चुन चुकी हूं और एक छोटे-से तोहफे के साथ अपने भाई को कुरियर भी कर चुकी हूं। मुझे यकीन है कि उसे मेरी राखी पसंद आएगी। मजेदार बात यह है कि मेरा भाई मुझसे छोटा है, लेकिन बर्ताव बड़े भाई जैसा करता है। वह सुरक्षात्मक और फिक्र करने वाला है और बॉस बनने की कोशिश करता है (हंसती हैं)। जिन्दगी के उतार-चढ़ावों में उसने हमेशा मेरा साथ दिया है। मैं इस बार उसके पास नहीं रहूंगी, इसलिये उदास हूं।”
‘भाबीजी घर पर हैं‘ की अनीता भाबी यानि विदिशा श्रीवास्तव कहती हैं, ‘‘मुझे मेरे भाई गौरव से बहुत प्यार है। वह मेरी जिन्दगी के सबसे महत्वपूर्ण लोगों में से एक है, जो हमेशा मेरे साथ खड़ा रहा है। हमारा साथ जबर्दस्त होता है। हमें एक-दूसरे से मजाक करना और एक-दूसरे को तंग करना पसंद है। हमारे घर पर राखी मिलन होगा और मैं गौरव के कुछ पसंदीदा पकवान बनाऊंगी। उसने हमेशा खास तोहफों और तरीकों से मेरी बहन को और मुझे प्यार दिया है। अब हम उसके लिये कुछ करना चाहते हैं। वह मुझसे बड़ा है, लेकिन हमेशा मेरा दोस्त और गाइड बनकर रहा है। वह नंबर वन चीयरलीडर है। मैं रक्षा बंधन और हर दिन के लिए उसके सुख की प्रार्थना करती हूं।’’