कभी हिंदी सिनेमा में नंबर वन हीरो बनने के दावेदार रहे रणबीर कपूर के चाहने वालों के लिए एक दिल तोड़ने वाली खबर है। रणबीर की अपनी सबसे करीबी दोस्त आलिया भट्ट के साथ बन रही फिल्म ब्रह्मास्त्र अब इस साल रिलीज नहीं होगी। पिछले तीन साल से बन रही इस फिल्म का काम इस साल भी दिसंबर तक पूरा होता नहीं दिख रहा। फिल्म की निर्माता कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस ने आधिकारिक रूप से तो इस बारे में कुछ नहीं कहा है, लेकिन ब्रह्मास्त्र की मेकिंग से शुरू से जुड़े रहे लोगों ने इसकी पुष्टि कर दी है।
रणबीर और आलिया की ब्रांडिंग को लगा जोर का झटका, अब इस साल भी नहीं रिलीज होगी ब्रह्मास्त्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
'ब्रह्मास्त्र' फिल्म की रिलीज पिछले एक साल से लगातार टल रही है। आखिरी बार अमिताभ बच्चन ने फिल्म के साथी कलाकारों के साथ एक वीडियो में इसकी रिलीज डेट 4 दिसंबर 2020 घोषित की थी। लेकिन, कोरोना वायरस के डर से रोक दी गई सारी शूटिंग्स की वजह से इसको समय पर पूरा करना मुश्किल लग रहा है। इस फिल्म की शूटिंग 2018 से चल रही है, लेकिन हर बार किसी न किसी वजह से इसकी शूटिंग में बाधा आती रही है।
धर्मा प्रोडक्शंस के मालिक करण जौहर के निर्माण में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अमिताभ बच्चन और दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार नागार्जुन मुख्य भूमिका में हैं। अभिनेत्री मौनी रॉय और सौरव गुर्जर इस फिल्म में विलेन का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे, वहीं फिल्म में शाहरुख खान भी एक कैमियो किरदार निभाएंगे। करण जौहर का यह बहुत ही महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, जिसको वह तीन भागों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि फिल्म का अंतिम शेड्यूल बचा हुआ है, जिसमें अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और नागार्जुन के सीन बाकी हैं। इस फिल्म को रिलीज करने की तारीख 4 दिसंबर तय की गई थी। लेकिन अब हालात देखकर लग रहा है कि यह अपने तय समय पर पूरी नहीं हो सकती है। जिस तरह से फिल्म 'सूर्यवंशी' और '83' की सिनेमाघरों में रिलीज होने की तारीख कोरोना वायरस की वजह से आगे बढ़ गई है, उसी तरह 'ब्रह्मास्त्र' की तारीख भी अब दिसंबर से आगे बढ़ा कर अगले साल में पहुंचा दिए जाने के आसार बन चुके हैं।
'ब्रह्मास्त्र' एक ऐसे हीरो शिवा की कहानी है, जो बिना किसी लक्ष्य के दुनिया में आत्म-खोज और प्रेम की यात्रा पर निकल जाता है। इसका किरदार फिल्म में रणबीर कपूर निभा रहे है। इस फिल्म में आलिया शिवा की प्रेमिका का किरदार निभाएंगी, वहीं अमिताभ बच्चन शिवा के गुरु की भूमिका में नजर आएंगे। नागार्जुन एक पुरातत्वविद की भूमिका में हैं, जिसका मिशन बनारस के कुछ प्राचीन मंदिरों को बहाल करने का है। फिल्म की रिलीज टलने के बारे में धर्मा प्रोडक्शंस से संपर्क करने पर इस आशंका को सही बताया गया। फिल्म को देश दुनिया में रिलीज करने जा रही कंपनी फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने इस बारे में हालात का जायजा लेने के बाद आधिकारिक रूप से कुछ भी कह सकने की बात कही है।

कमेंट
कमेंट X