हिंदी सिनेमा के नंबर वन हीरो रणबीर कपूर 42 साल के हो गए। सोचकर देखो तो लगता है कि जैसे कल की ही बात है जब फिल्म ‘सांवरिया’ के सेट पर कपूर खानदान का एक छोरा किसी कोने में सुबकता नजर आया करता था। भंसाली की ‘ठुकाई’ से गढ़ा गया हिंदी सिनेमा का ये नायाब कलाकार हिंदी सिनेमा में अल्फा मेन की नई पहचान माना जाता है। और, जिस कहावत का खूब जिक्र चलता है, उसके मुताबिक बड़ा होकर ये कपूर अब बच्चन भी बन चुका है। रणबीर को निर्देशित करने वाले फिल्मकार उनके प्रशंसक बन जाते हैं और ऐसी ऐसी बातें उनके बारे में कह जाते हैं, जिन्हें भूल पाना मुश्किल है...
Ranbir Kapoor: इन 10 निर्देशकों ने रणबीर को बनाया हीरो नंबर वन, हर एक ने बताई किरदार की एक खास खूबी
हिंदी सिनेमा में रणबीर कपूर को का पहला ब्रेक देने वाले डायरेक्टर संजय लीला भंसाली एक इंटरव्यू में कहते हैं, ‘रणबीर मेरा पसंदीदा बच्चा है। वह उस चीज का हिस्सा है जिसे मैंने ‘सांवरिया’ में बनाया। वह मेरे लिए बहुत प्रिय है इसलिए जब भी मैं कोई फिल्म बनाता हूं तो लगता है इस भूमिका में रणबीर को लिया जाए तो क्या ही होगा?’
रणबीर कपूर को फिल्म ‘बचना ऐ हसीनों’ और ‘अनजाना अनजानी’ में निर्देशित कर चुके निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने उनके भीतर अगला ‘अमिताभ बच्चन’ होने की भविष्यवाणी बहुत पहले कर दी थी। वह रणबीर को फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ में एंथनी के किरदार के लिए बिल्कुल फिट मानते हैं। सिद्धार्थ के मुताबिक अगर आज फिर से ‘कुली’ बने तो इकबाल का किरदार सिर्फ और सिर्फ रणबीर कपूर ही निभा सकते हैं।
निर्देशक अयान मुखर्जी ने रणबीर कपूर को अलग अलग तरह की तीन कमाल फिल्मों में निर्देशित किया है। ये तीन फिल्में हैं, ‘वेक अप सिड’, ‘ये जवानी है दीवानी’ और ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट-1’। रणबीर का जिक्र चलने पर अयान कहते हैं, ‘रणबीर कपूर शानदार कलाकार हैं। वह एक ऐसे अभिनेता हैं, जिनकी क्राफ्ट की तारीफ की जाती है।’
रणबीर कपूर और कटरीना के लेकर फिल्म ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ बनाने वाले निर्देशक राजकुमार संतोषी कहते हैं, ‘रणबीर हमारे समय के सबसे प्रतिभाशाली अभिनेताओं में से एक हैं। मुझे उनकी प्रतिभा के बारे में अच्छे से पता है। एक अभिनेता के रूप में वह काफी अनुशासित हैं। वह काफी महत्वाकांक्षी हैं लेकिन ये महत्वाकांक्षा खुद को बेहतर करने को लेकर है ना कि स्टारडम के प्रति।‘