फिल्मों और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग शुरू करने की अनुमति मिलने के बाद से ही सभी निर्माता हरकत में आ गए हैं। वह अपने कारीगरों और कलाकारों के साथ तारीखों का सामंजस्य बिठाकर अपने रुके हुए प्रोजेक्ट और किसी नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने के लिए पूरा मंथन कर रहे हैं। कुछ निर्माताओं ने जल्दी-जल्दी में अपना बाकी काम खत्म करके शूटिंग शुरू करने की तैयारी भी कर ली है। करण मल्होत्रा की यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही फिल्म 'शमशेरा', अयान मुखर्जी की धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही फिल्म 'ब्रह्मास्त्र', और संजय गुप्ता की फिल्म 'मुंबई सागा' जल्द ही सेट पर होंगी।
रणबीर कपूर ने कैमरे के सामने करतब दिखाने को कसी कमर, जल्द शुरू होगी इन दोनों फिल्मों की शूटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही करण मल्होत्रा के निर्देशन में फिल्म 'शमशेरा' का लगभग चार दिनों का काम ही बचा है। करण ने आदित्य चोपड़ा के साथ एक बातचीत में यह फैसला लिया है कि वह अपनी इस फिल्म की बची हुई शूटिंग यशराज फिल्म्स स्टूडियो में ही पूरी करेंगे। इसी बीच स्टूडियो में सीमित सिने कर्मचारी ही मौजूद रहेंगे। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग और बाकी सभी दिशा निर्देशों को भी ध्यान में रखा जाएगा जिन्हें सरकार की तरफ से जारी किया गया है। इस पीरियड ड्रामा फिल्म में संजय दत्त और रणबीर कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं।
उधर धर्मा प्रोडक्शंस के बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट 'ब्रह्मास्त्र' को लेकर भी खबर है कि फिल्म के निर्देशक अयान मुखर्जी जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग को भी पूरा कर लेंगे। खबरें बताती हैं कि फिल्म में मात्र 10 से 12 दिन की शूटिंग ही बाकी है जिसे जल्द से जल्द खत्म करने की तैयारी है। इस फिल्म को दिसंबर में रिलीज किया जाना है इसलिए अयान चाहते हैं कि अगस्त के महीने में ही फिल्म के ट्रेलर को रिलीज कर दिया जाए। इस पर मुंबई और लंदन दो जगहों से पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है। इस फेंटेसी ड्रामा फिल्म की कहानी को तीन हिस्सों में रिलीज किया जाएगा जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय, डिंपल कपाड़िया और नागार्जुन अक्कीनेनी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
निर्देशक संजय गुप्ता अपनी गैंगस्टर ड्रामा फिल्म 'मुंबई सागा' भी 12 दिन के शेड्यूल पर रामोजी राव फिल्म सिटी हैदराबाद में जुलाई में अपना काम शुरू करने वाले हैं। फिल्म पर काम होने का यही अंतिम शेड्यूल बचा हुआ है जिसे संजय हैदराबाद में ही पूरा करना चाहते हैं क्योंकि उनका कहना है कि रामोजी राव फिल्म सिटी में उन्हें इस फिल्म के लिए सारी सुविधाएं एक ही जगह पर मिल जाएंगी। तेलंगाना सरकार ने भी हाल ही में शूटिंग शुरू करने की इजाजत दे दी है इसलिए संजय ने भी अपनी इस फिल्म को जुलाई में ही पूरा करने की योजना बना ली है। इस फिल्म में जॉन अब्राहिम और इमरान हाशमी सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, गुलशन ग्रोवर, रोहित रॉय और प्रतीक बब्बर के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्मों के साथ टीवी इंडस्ट्री से भी खबर है कि टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक 'शक्ति- अस्तित्व के एहसास की' की शूटिंग भी 15 जून से शुरू हो जाएगी। शो में एक अहम भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री काम्या पंजाबी हाल ही में अपने घर दिल्ली से मुंबई लौटी हैं। उन्होंने ही इस शो की शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी है। काम्या का कहना है कि शो के निर्माताओं ने उन्हें बताया है कि 15 जून या इसके तुरंत बाद से ही शो की शूटिंग शुरू होने वाली है। शूटिंग की तैयारियों के बारे में उन्होंने बताया कि सुरक्षा के सभी दिशा निर्देशों का पालन होगा। निर्माताओं ने यूनिट के स्टूडियो में ही रुकने की व्यवस्था करवाई है। साथ ही खाना पकाने के लिए रसोइए का भी इंतजाम किया है। कलाकारों के रुकने के लिए पास में ही होटल बुक किया गया है।
पढ़ें: आर्थिक तंगी से गुजर रही हैं 'दीया बाती और हम' की ये अभिनेत्री, मां का इलाज करवाना हुआ मुश्किल