भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रवि किशन उन कलाकारों में से एक हैं जिन्होंने फिल्मी पर्दे पर अपने अलग-अलग किरदारों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। रवि किशन का जन्मदिन 17 जुलाई को होता है। रवि की आज पहचान शानदार कलाकार के अलावा एक बेहतरीन राजनेता के तौर पर होती है। वह भारतीय जनता पार्टी के सासंद हैं। जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको रवि किशन की जिदंगी से जुड़ी कुछ खास बातों के बारे में बताते हैं।
रामलीला में सीता का रोल करते थे रवि किशन, दो वक्त की रोटी के लिए हर रोज ढूंढते थे काम
रवि किशन ने अपनी जिंदगी में काफी संघर्ष किया है। अपने संघर्ष के बारे में वह कई मीडिया इंटरव्यूज में भी बता चुके हैं। रवि का जन्म उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में हुआ था। उनका असली नाम रविंद्रनाथ शुक्ला है। रवि किशन को बचपन से ही अभिनय का काफी शौक था। वह छोटी उम्र में रामलीला में सीता का रोल करते थे। हालांकि रवि किशन के पिता को उनका अभिनय करना बिल्कुल भी पसंद नहीं था, जिसकी वजह से उन्हें अपने पिता को हाथों कई बार पिटाई खानी पड़ी।
वहीं रवि किशन की मां को उनका अभिनय करना अच्छा लगता था। रवि किशन की मां ने उनको सपनों की दुनिया यानी मुंबई में करियर बनाने के लिए रुपये तक दिए थे। अपनी मां के आशीर्वाद और चंद रुपयों के साथ रवि किशन मुंबई आ गए थे लेकिन उनके लिए काम तलाशना कोई आसान काम नहीं था। रवि ने मुंबई में काम तलाशने के साथ खर्चा निकालने के लिए कई छोटी-छोटी जगहों पर काम भी किया।
खुद रवि किशन इस बात को एक इंटरव्यू में भी बोल चुके हैं कि 90 के दशक में जब वह गांव छोड़कर मुंबई आ गए थे तब उनके पास खाने तक के लिए पैसे थे और न सिर छुपाने के लिए कोई ठिकाना। दो वक्त की रोटी के लिए उन्हें रोज काम की तलाश करनी पड़ी थी। काम मिल जाता तो खाना खा लेते, नहीं तो भूखे पेट ही रात बितानी पड़ती थी। हालांकि कुछ समय बाद उन्हें सिनेमा में काम मिलना शुरू हो गया।
आज रवि की गिनती हिंदी, भोजपुरी, तमिल, तेलुगू और कन्नड़ सिनेमा के शानदार कलाकारों में होती है। फिल्मों के अलावा रवि किशन छोटे पर्दे के कई रियलिटी शोज का भी हिस्सा रहा चुके हैं। वह रियलिटी शो 'बिग बॉस' और 'झलक दिखला जा' में भी नजर आ चुके हैं। इन दोनों शो ने ही उन्हें छोटे पर्दे पर काफी लोकप्रिय दिलाई थी। रवि आज न केवल फिल्मों में बल्कि राजनीति में भी सक्रिय हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में वो यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र गोरखपुर से भाजपा के टिकट पर खड़े हुए और जीत दर्ज की थी।
पढ़ें: वाणी कपूर ने शुरू की 'बेलबॉटम' के डिफरेंट लुक की तैयारी, ब्रिटेन के वीजा के लिए पूरे हुए इंटरव्यू