हिंदी सिनेमा में पुलिस वालों की एक अलग दुनिया बसा रहे निर्माता निर्देशक रोहित शेट्टी अपने प्रशंसकों को फिल्म सूर्यवंशी में एक बहुत बड़ा सरप्राइज देने की तैयारी में हैं। चर्चाओं के मुताबिक ये सरप्राइज उनके कॉप यूनीवर्स में एक महिला पुलिस अफसर की एंट्री है। सब कुछ ठीक रहा तो फिल्म सूर्यवंशी के अंत में इस महिला पुलिस अफसर की एंट्री इस कॉप यूनीवर्स में हो सकती है।
सूर्यवंशी के अंत में मिलेगा अनोखा सरप्राइज, इस महिला पुलिस किरदार की होगी कॉप यूनीवर्स में एंट्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मार्वेल स्टूडियोज के मालिक केविन फाइगी की तरह ही इन दिनों रोहित शेट्टी काम कर रहे हैं। केविन ने मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स बनाने के लिए बहुत मेहनत की है। एवेंजर्स की दुनिया बसाने के लिए वह स्टूडियो स्टूडियो घूमे और तमाम सारे किरदारों की अपनी दुनिया बसाने में कामयाब रहे। यही काम अब रोहित ने करने की ठानी है। बाजीराव सिंघम से शुरू हुई उनकी पुलिस वालों की दुनिया में अब तक सिंबा और सूर्यवंशी की एंट्री हो चुकी है। अब बारी है एक शिवानी शिवाजी रॉय या फिर एक ऐसी पुलिस अफसर की जो अतीत से आकर आततायियों पर दुर्गा बनकर टूट पड़े।
हिंदी सिनेमा में महिला पुलिस अफसर वाले किरदारों की लंबी कतार रही है। ज्यादा दूर न भी जाएं तो फिल्म फूल बने अंगारे में रेखा, अंधा कानून में हेमा मालिनी, जख्मी औरत में डिंपल कपाड़िया खलनायक में माधुरी दीक्षित, तूफान और जय गंगाजल में प्रियंका चोपड़ा, समय में सुष्मिता सेन, दृश्यम में तब्बू और मर्दानी सीरीज की फिल्मों में रानी मुखर्जी ये काम कामयाबी के साथ कर चुकी हैं। रोहित शेट्टी की लेखन टीम इन दिनों इस बारे में दिन रात मशक्कत कर रही हैं कि सिंघम, सिंबा और सूर्यवंशी के कॉप यूनीवर्स में कौन सी महिला अफसर फिट बैठेगी।
सूर्यवंशी के अंत में भी एक और पुलिस किरदार को दिखाए जाने की बात करीब करीब तय हो चुकी है। रोहित ये तो कह चुके हैं कि सूर्यवंशी के अंत में कोई नया हीरो नहीं होगा, लेकिन क्या ये कोई हीरोइन होगी, इस पर वह चुप्पी साध जाते हैं। कॉप यूनीवर्स के उनके सारे किरदारों के नाम एस से शुरू हो रहे हैं और इस लिहाज से इन दिनों मर्दानी का नाम कॉप यूनीवर्स के नए अफसर के तौर पर सबसे ऊपर चल रहा है। रानी मुखर्जी ने मर्दानी में शिवानी शिवाजी राय का किरदार किया है।
रोहित शेट्टी की इस पुलिस फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म का ट्रेलर सोमवार को रिलीज किया है। सवा चार मिनट लंबे इस ट्रेलर को 24 घंटे में 4 करोड़ लोग देख चुके हैं। ट्रेलर को मिली प्रतिक्रिया अगर फिल्म तक बरकरार रही तो ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करेगी। फिल्म में अक्षय कुमार और कटरीना कैफ मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ रणवीर सिंह और अजय देवगन एक्सटेंडेड कैमियो में नजर आएंगे। ये फिल्म सिनेमाघरों में 24 मार्च को रिलीज होगी।