अभिनेता सलमान खान की मेजबानी में चलने वाला रियलिटी शो 'बिग बॉस' टीआरपी के मामले में भले ही ऊपर न उठ पा रहा हो लेकिन उनकी फिल्म 'हम साथ साथ हैं' ने इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल को मूवी चैनलों पर मात दे दी है। टीवी पर प्रसारित होने वाले प्रोग्रामों का विश्लेषण करने वाली ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल ऑफ इंडिया (बार्क) की ताजा रिपोर्ट में पिछले हफ्ते टीवी पर फिल्में देखने वाले दर्शकों को आईपीएल उतना प्रभावित नहीं कर पाया, जितना वर्ष 1999 में रिलीज हुए सूरज बड़जात्या की फिल्म 'हम साथ साथ हैं' ने किया। हिंदी फिल्मों के चैनलों पर इस फिल्म की टीआरपी सबसे ज्यादा रही।
ट्रोलिंग का नहीं पड़ा सलमान खान की लोकप्रियता पर असर, आईपीएल को पीछे छोड़ ये फिल्म बनी अव्वल नंबर
हिंदी फिल्मों के चैनलों में अक्सर सोनी मैक्स और स्टार गोल्ड की टक्कर चलती रहती है। लेकिन, इस बार बाजी जी सिनेमा ने मारी है। और वह भी फिल्म 'हम साथ साथ हैं' के साथ। हिंदी फिल्मों के सभी चैनलों में जी सिनेमा पर प्रसारित हुई फिल्म 'हम साथ साथ हैं' को सबसे ज्यादा देखा गया और यह फिल्म पिछले हफ्ते पहले स्थान पर रही। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान, सैफ अली खान, मोहनीश बहल, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, करिश्मा कपूर, आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। यहां परिवारिक झगड़े से ज्यादा प्रेम को केंद्र में रखा गया है।
'हम साथ साथ हैं' के बाद दूसरा नंबर स्टार गोल्ड पर प्रसारित हुए आईपीएल को मिला। टीवी पर मुफ्त में प्रसारित होने वाले चैनल ढिंचक की फिल्म 'केजीएफ चैप्टर 1' को ओवरऑल रेटिंग में तीसरा स्थान मिला। प्रशांत नील के निर्देशन में बनी यह एक कन्नड़ फिल्म है जिसमें अभिनेता यश मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म के दूसरे चैप्टर पर भी काम चल रहा है जिसे निर्माता 23 अक्तूबर 2020 को ही रिलीज करने वाले थे। लेकिन, कोरोना वायरस की वजह से देरी हुई है तो अब यह फिल्म अगले साल ही रिलीज होगी।
टीआरपी में चौथे नंबर पर फिल्म 'हाउसफुल 4' रही जिसमें अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, बॉबी देओल, कृति खरबंदा, कृति सेनन, पूजा हेगड़े आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म स्टार गोल्ड पर ही प्रसारित हुई। और पांचवा नंबर ढिंचक चैनल पर प्रसारित हुई भीमनेनी श्रीनिवास राव की फिल्म 'स्पीडुननोडु' को मिला।
फ्री टू एयर और पेड चैनलों की लिस्ट के बाद अगर सिर्फ पेड चैनलों पर प्रसारित फिल्मों की बात करें तो उसमें भी जी सिनेमा पर प्रसारित हुई फिल्म 'हम साथ साथ हैं' को ही पहला नंबर मिला। दूसरे और तीसरे नंबर पर स्टार गोल्ड रहा जिस पर क्रमशः आईपीएल और 'हॉउसफुल 4' सबसे ज्यादा देखी गई। वहीं, प्रीमियम चैनलों में चौथा और पांचवां नंबर सोनी मैक्स के नाम रहा। इन दोनों स्थानों पर क्रमशः 'सराइनोडु' और सिद्धार्थ मल्होत्रा की 'मरजावां' फिल्म को सबसे ज्यादा दर्शक मिले।
