'छोरी भैंस बड़ी बिंदास' इसी गाने पर सलमान ख़ान के साथ डांस करते हुए सपना चौधरी ने टीवी शो बिग बॉस में एंट्री ली। इसी तरह के गाने पर डांस उनकी पहचान है। सपना चौधरी को यूट्यूब सेंसेशन माना जाता है, फ़ेसबुक पर उनके 11 लाख से ज़्यादा फॉलोअर्स हैं। सपना, हरियाणवी लोकगीत रागिनी गाने के लिए जानी जाती हैं और साथ ही उन गीतों पर डांस करने के लिए मशहूर हैं। लेकिन ये पहला मौका है जब सपना उत्तर भारत छोड़ मुबंई गई हैं, लेकिन उनकी मां नहीं चाहती थीं कि वो अकेली मुंबई जाएं।
पहली बार सामने आईं सपना चौधरी की मां, Bigg Boss में जाने को लेकर किए बड़े खुलासे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आख़िर सपना को उनकी मां बिग बॉस में क्यों नहीं भेजना चाहती थीं?
बीबीसी से बातचीत में सपना की मां नीलम चौधरी ने कहा, "मैंने अपनी छोरी को कभी किसी स्टेज प्रोग्राम में अकेले जाने नहीं दिया और ये तो एक महीने से ज़्यादा लंबा शो चलेगा। इसलिए पिछली बार बिग बॉस का ऑफ़र भी मैंने ठुकरा दिया था। ये पहला मौक़ा है कि वो कहीं अकेली मेरे बिना इतने दिनों तक रहेगी।"
सितंबर का महीना सपना चौधरी के जीवन में ख़ास है। सितंबर के महीने में ही सपना चौधरी पैदा हुई थीं। तारीख़ थी 22 सितंबर 1995। पिछले साल इसी महीने की 4 तारीख़ को सपना ने ख़ुदकुशी की कोशिश की और इस साल इसी महीने में उन्हें बिग बॉस का ऑफर मिला। एक अक्तूबर से टीवी का चर्चित रियालिटी शो बिग बॉस सीजन 11 शुरू हो गया है। हरियाणा की मशहूर सिंगर और डांसर सपना चौधरी भी बिग बॉस के घर में मौजूद हैं।
सपना का सपना है बॉलीवुड में एंट्री का। उनके परिवार को लगता है कि बिग बॉस वो पहली सीढ़ी है जिस पर सवार हो कर सपना फ़िल्मी दुनिया में अपने जलवे बिखेर पाएंगी। सपना की मां के मुताबिक, "रागिनी गाने और डांस करने में कोई शोहरत नहीं है। जहां से हम आते हैं, लोग दिलचस्पी ले कर शो देखते तो हैं, तारीफ़ भी करते हैं लेकिन लोगों की आंखों में इस काम को लेकर इज्ज़त नहीं।" इसलिए सपना की ज़िद के आगे वो हार गईं और बिग बॉस में जाने की इजाज़त दे दी।
नीलम चौधरी ने कहा, "मेरी लड़की भी अपने काम में जी-तोड़ मेहनत करती है, दिन रात उसकी तैयारी करती है। तीन घंटे के शो में कम से कम चार पांच गाने और दस बारह डांस करने होते हैं। 20-22 लोगों की पूरी टोली होती है। पैसा भी ख़ूब है, लेकिन कमी है तो बस इज्ज़त की।" ऐसा नहीं कि सपना ने सिर्फ़ अपने शौक के लिए डांस को पेशे के तौर पर चुना है। छोटी सी उम्र में सपना ने कई उतार चढ़ाव देखे।
सपना 12 साल की थीं जब उनके पिता की बीमारी से मौत हो गई। परिवार में पिता अकेले कमाने वाले थे। पिता की मौत के बाद मां ने छोटी सी नौकरी कर चार लोगों के परिवार को किसी तरह पाला। सपना किसी तरह 12वीं तक ही पढ़ाई पूरी कर पाईं। सपना की मां चाहतीं थी कि ओपन यूनिवर्सिटी से सपना आगे की पढ़ाई पूरी करे। लेकिन घर की आर्थिक स्थिति ने इसकी इजाज़त नहीं दी। सपना को बचपन से डांस का शौक था और मां को रागिनी सुनने का। बस यहीं से दोनों की जोड़ी बन गई।