‘परिंदा’ जैसी कालजयी फिल्म के संवाद लिखने वाले इम्तियाज हुसैन याद करते हैं वो दिन जब सतीश कौशिक ने उन्हें एक अखबार की कटिंग पकड़ाई थी और कहा कि इस पर एक शानदार फिल्म बन सकती है। ये बात है कोई सात साल पहले की। उत्तर प्रदेश में उन दिनों लाल बिहारी ‘मृतक’ का किस्सा सुर्खियों में हुआ करता था। उस सच्ची कहानी पर बनी फिल्म ‘कागज’ नए साल के पहले गुरुवार को ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। फिल्म का ट्रेलर बताता है कि पंकज त्रिपाठी जब कॉमेडी नहीं करते थे तो भी क्या शानदार अभिनय करते थे।
Kaagaz: ‘परिंदा’ के राइटर की शानदार वापसी, ट्रेलर को मिली प्रतिक्रियाओं को देख भावुक हुए सतीश कौशिक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म ‘कागज’ का ट्रेलर बहुत ही मजाकिया अंदाज में शुरू होता है लेकिन जैसे-जैसे कहानी की परतें खुलती हैं, लोगों की इस बतकही के पीछे छिपा एक इंसान का वह दर्द सामने आना शुरू होता है जिसे वह जीते जी मुर्दा समझ लिए जाने के चलते महसूस कर रहा है। परिवार का उसे साथ मिलता है, वह अपने जैसे तमाम और दुखियारों को ढूंढता है और सीधे सरकार से मोर्चा लेता है। सच्ची घटना पर बनी फिल्में इन दिनों लोग पसंद कर रहे हैं और फैशन के हिसाब से देखें तो ये एक बायोपिक भी है।
अभिनेता, लेखक, निर्देशक सतीश कौशिक के दिल के बहुत करीब रही है ये फिल्म। इस फिल्म के लिए वह यहां वहां भटके भी बहुत। अब सलमान खान फिल्म्स का नाम जुड़ने के चलते इसकी ओटीटी पर रिलीज की तारीख निकल आई है। पंकज त्रिपाठी तो कहते भी हैं, ‘मैं वाकई आभारी हूं कि मुझे ऐसा दिलचस्प किरदार करने का मौका मिला। फिल्म ‘कागज’ की कहानी अनूठी है। फिल्म ओटीटी पर रिलीज हो रही है और ये भी फिल्म का सौभाग्य ही है कि इसके जरिए ये फिल्म दूर दराज के उन इलाकों तक भी पहुंच पाएगी जहां तक सिनेमाघरों के माध्यम से इसे पहुंचाना शायद मुश्किल होता। ’
सतीश कौशिक फिल्म के ट्रेलर को मिल रही प्रतिक्रियाओँ से भावुक हैं। वह कहते हैं, ‘मेरे दिल के बहुत करीब रही है ये फिल्म। अखबार की एक खबर ने इस कहानी को मेरे जीवन का हिस्सा बना दिया। ये सिर्फ एक और कहानी नहीं है, ये एक इंसान की जीवन भर चली लड़ाई है जो उसने खुद को जिंदा साबित करने के लिए लड़ी। इस फिल्म के जरिए मैंने न सिर्फ बतौर निर्देशक बल्कि एक कलाकार के तौर पर भी खुद को फिर से खोजने में मदद पाई है।’
सतीश कौशिक के निर्देशन में बनी फिल्म ‘कागज’ की पटकथा और संवाद इम्तियाज हुसैन ने लिखे हैं। सलमान खान फिलम्स के बैनर तले रिलीज होने जा रही फिल्म में मोनल गुज्जर, मीता वशिष्ठ, अमर उपाध्याय के अलावा खुद सतीश कौशिक भी अहम किरदार में हैं। फिल्म के संवाद लिखने में सतीश कौशिक ने कुछ स्थानीय लोगों की भी मदद ली है।