निर्माता करण जौहर की फिल्म ‘शेरशाह’ से खूब सुर्खियां बटोर रहे अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ इस फिल्म में काम करने वाले धर्मा प्रोडक्शंस के ही दूसरे फेवरिट अभिनेता साहिल वैद को अब लग रहा है कि ये फिल्म करके उन्होंने गलती कर दी। साहिल वैद को लगता है कि फिल्म ‘शेरशाह’ का पूरा क्रेडिट सिर्फ सिद्धार्थ को मिल रहा है और फिल्म में कहानी की जमीन तैयार करने वाले उन जैसे बाकी कलाकारों की बात ही नहीं हो रही है। साहिल के मुताबिक वह फिल्म में एक फौजी का रोल करना चाहते थे लेकिन फिल्म के निर्देशक ने ही उन्हें सनी का रोल पकड़ा दिया और चूंकि धर्मा प्रोडक्शंस के उनके ऊपर एहसान बहुत हैं लिहाजा वह इसके लिए मना नहीं कर पाए।
Shershaah: अभिनेता साहिल वैद की खरी खरी, ‘हां, मैंने फिल्म ‘शेरशाह’ के लिए हां करके गलती कर दी!’
कम लोगों को ही पता है कि विद्युत जामवाल की फिल्म ‘जंगली’ रिलीज होने के बाद टाइम्स नेटवर्क की फिल्म निर्माण कंपनी की मुखिया अपने करीबी मित्र विद्युत को लेकर कैप्टन विक्रम बत्रा की ये बायोपिक बनाना चाहती थीं। फिल्म के निर्देशक ने फिल्म का काम भी विद्युत के साथ ही शुरू करने की प्लानिंग की थी, लेकिन फिल्म आगे बढ़ने की बजाय जब अटकती दिखी तो इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा की एंट्री हुई और सिद्धार्थ मल्होत्रा की खातिर ये फिल्म बाद में करण जौहर ने गोद ले ली।
करण जौहर के फिल्म निर्माता के रूप में फिल्म ‘शेरशाह’ के साथ जुड़ने के साथ ही फिल्म में कियारा आडवाणी के अलावा धर्मा कैंप के दूसरे कलाकारों की भी एंट्री हुई। फिल्म में सिद्धार्थ और कियारा के अलावा लोगों ने साहिद वैद, निकितन धीर और शिव पंडित को भी देखा लेकिन इन तीनों कलाकारों की ज्यादा चर्चा न तो फिल्म की मार्केटिंग टीम ने होने दी और न ही फिल्म की पीआर टीम ने इन कलाकारों को अपनी प्रचार रणनीति में शामिल किया। ये बात अब अभिनेता साहिल वैद को अखरने लगी है। साहिल इसके पहले धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्मों ‘हम्पटी शर्मा की दुल्हनिया’ और ‘बदरीनाथ की दुल्हनिया’ में खूब तारीफें बटोर चुके हैं।
साहिल के मुताबिक फिल्म ‘शेरशाह’ उन्होंने कृतज्ञता के नाते की है। एक एंटरटेनमेंट पोर्टल से बातचीत में वह कहते हैं, ‘मुझे पता चल गया था कि ये एक बहुत ही छोटू टाइप का रोल है और मैं वास्तव में ये किरदार नहीं करना चाहता था। मैंने फिल्म के निर्देशक से इस बारे में बात भी की और कहा कि मुझे कोई भी ऐसा रोल दे दो जिसमें मुझे वर्दी पहनने का मौका मिला। मैं फौजी बनने को इसलिए भी बेकरार था क्योंकि मुझे किसी ने इस तरह के किरदार में अब तक देखा नहीं है। लेकिन, निर्देशक को लगा कि मैं सनी के रोल के लिए ही फिट हूं। धर्मा प्रोडक्शंस के मेरे ऊपर बहुत एहसान हैं और एक तरह से ये फिल्म मैंने उनको धन्यवाद कहने के लिए कर ली।’
साहिल वैद स्वीकार करते हैं कि फिल्म देखने के बाद इसे लेकर उनके एहसास बदल चुके हैं और उन्हें लगता है कि ये फिल्म उन्हें नहीं ही करनी चाहिए थी क्योंकि उनके काम की तरफ किसी ने तवज्जो ही नहीं दी है। वह कहते हैं, ‘फिल्म ‘शेरशाह’ रिलीज हो चुकी है। रिव्यूज प्रकाशित हो रहे हैं। लोग फिल्म के बारे में बात कर रहे हैं लेकिन कोई भी उन कलाकारों की बात नहीं कर रहा जिन्होंने फिल्म का आधार तैयार किया है। ये वो लोग हैं जिन्होंने फिल्म ‘शेरशाह’ के लिए अपने आत्मसम्मान को पीछे छोड़कर छोटे छोटे किरदार किए हैं। और, ये सिर्फ इसलिए क्योंकि ये लोग भी कैप्टन विक्रम बत्रा को श्रद्धांजलि देना चाहते थे। लेकिन, अब फिल्म देखकर लगता है कि मुझे ये फिल्म नहीं करनी चाहिए थी।’
