अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी शर्मा मंगलवार को 36 साल की हो गईं। करियर उनका इन दिनों रफ्तार में है। जल्द ही वह ‘काली काली आंखें’, ‘एस्केप लाइव’ और ‘द गॉन गेम 2’ जैसी चर्चित वेब सीरीज में अपने चाहने वालों को चौंकाने वाली हैं। लेकिन, शायद ही आपको पता हो कि वह अपनी निजी जिंदगी में भी अपने परिजनों और मित्रों को चौंकाती रहती है। कभी वह समंदर की लहरों की सवारी करती हैं तो कभी समंदर की गहराइयों में जाकर मछलियों संग वक्त बिताती है। मशहूर रैपर स्लो चीता की जीवन संगिनी बन चुकी श्वेता को रफ्तार पसंद है। वह स्क्वैश का रैकेट लेकर मैदान में उतरती हैं तो सामने वाले की फिरकी बन जाती है। उनके जन्मदिन पर आपको बताते हैं ऐसी ही और ढेर सारी बातें जो शायद आप उनके बारे में अब तक न जानते हों।
Shweta Tripathi: निजी जिंदगी में भी कमाल करती हैं ओटीटी की ‘गोलू’, ये अतरंगी हुनर हैरान कर देंगे
स्लो चीता संग तेज उड़ान
श्वेता और उनके पति चैतन्य शर्मा उर्फ रैपर स्लो चीता की मुलाकात अब तक की सबसे प्यारी प्रेम कहानियों में से एक है। दोनों एक फ्लाइट में मिले थे और पहली मुलाकात में हो दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। श्वेता के मुताबिक “हम मिले क्योंकि हम दोनों किसी दो अन्य अभिनेताओं को रेप्लस कर रहे थे। बॉम्बे (मुंबई) से हम दिल्ली में एक नाटक परफॉर्म करने के लिए मिले और मुश्किल से ही बात की। वापस जाते समय हम एक दूसरे के बगल में बैठे थे। यह सुबह पांच बजे की उड़ान थी तो ज़ाहिर तौर पर सोते हुए सफर करने की योजना थी। लेकिन हमने बात करना शुरू कर दिया और इतनी बातें की कि 2018 में शादी के बंधन में बंध गए और बाकी इतिहास है।”
कथक की प्रारंभिक शिक्षा
हालांकि अभी तक श्वेता त्रिपाठी को अपनी नृत्य प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिला है, लेकिन श्वेता वास्तव में एक प्रशिक्षित कथक होने के साथ-साथ एक भरतनाट्यम नर्तकी भी है। लेकिन उन्होंने डांस करना बंद कर दिया क्योंकि उनके घुंघरू से पैरों में चोट लगी थी। दो भारतीय शास्त्रीय नृत्य रूपों में प्रशिक्षित होने के अलावा उन्होंने श्यामक डावर के नृत्य संस्थान में नृत्य भी सीखा है।
स्कूबा डाइवर
श्वेता त्रिपाठी में कई छिपी हुई प्रतिभाएँ हैं और उनमें से एक यह तथ्य है कि वह एक प्रमाणित स्कूबा डाइवर हैं। श्वेता ने अंडमान द्वीप समूह में स्नॉर्कलिंग और डाइविंग सीखी है। उन्होंने इसमें सर्टिफिकेट अर्जित करते हुए स्कूबा डाइविंग में महारत हासिल की और तब से इसे एक प्रोफेशनल की तरह करना सीख लिया है।
लहरों की सवारी
श्वेता आसानी से सर्फ करना भी जानती है। उन्होंने पांडिचेरी में सी सर्फ करना सीखा है, जहां सर्फिंग बहुत प्रसिद्ध है और इसे पेशेवर प्रशिक्षकों से ही सीखा जा सकता है। श्वेता भी एक शौकीन उत्सुक यात्री हैं और हर कुछ वर्षों में पांडिचेरी का दौरा करती रहती हैं।