सिनेमा जगत में सितारों के कई किस्से मशहूर हैं। कभी किसी सेलेब के बीच तकरार होती है तो कभी किसी को फिल्मों के सेट पर हो जाता है प्यार। लेकिन आज हम न बात करेंगे तकरार की और न ही प्यार। आज हम बात करने जा रहे हैं ऐसे अभिनेता के बारे में जिसकी आज से 20 साल पहले फिल्म 'गदर: एक प्रेमकथा' सुपरहिट साबित हुई थी। नाम तो आप समझ ही गए होंगे। हम बात कर रहे हैं एक्टर सनी देओल की। जिनका ढाई किलो का हाथ किसी पर पड़ता है तो वो आदमी उठता नहीं उठ जाता है। सनी पाजी के ऐसे तो कई डायलॉग्स और फिल्में हिट साबित हुई। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनके साथ काम करने से बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों ने कभी मना कर दिया था। जी हां, सनी देओल ने फिल्म इंडस्ट्री की लगभग सभी हसीनाओं के साथ फिल्में की हैं। लेकिन कभी कुछ एक्ट्रेसेस ऐसी भी रहीं, जिन्होंने उनके साथ किसी न किसी वजह से काम करने के इंकार कर दिया। आज हम आपको उन एक्ट्रेसेस के बारे में बताने जा रहे हैं...
बॉलीवुड: सनी देओल के साथ काम करने से मना कर चुकी हैं ये हसीनाएं, जानिए क्या थी वजह
काजोल
अब बात करते हैं उन एक्ट्रेसेस के बारे में जिन्होंने सनी देओल के साथ किसी वजह से काम करने के इंकार कर दिया। इस लिस्ट में सबसे पहला नाम एक्ट्रेस काजोल का आता है। निर्देशक अनिल शर्मा ने एक बार इंटरव्यू में खुद इस बारे में बताया था कि काजोल ने उनकी फिल्म 'गदर' में काम करने से मना कर दिया था। निर्देशक ने इस बारे में कहा, कुछ लोगों को लगता था हम लायक नहीं उनके साथ काम करने के। उन्हें लगता था कि हम छोटे लोग हैं वो बड़े हैं। कुछ को लगता था कि ये इतनी मॉडर्न फिल्म नहीं है और कुछ को इसकी कहानी पीरियड फिल्म लगी। लेकिन शायद भगवान भी यही चाहते थे कि ये फिल्म अमीषा को ही मिले। हालांकि गदर का ये रोल ठुकराकर काजोल को पछतावा भी जरूर हुआ होगा।
श्रीदेवी
बॉलीवुड की चांदनी के नाम से मशहूर अदाकारा श्रीदेवी के बारे में एक बात कही जाती थी कि अभिनेत्री वही रोल चुनती थीं जिसमें उनका किरदार हीरो से ज्यादा दम रखता हो। श्रीदेवी ने भी सनी देओल के साथ काम करने से मना किया था। इस किस्से का जिक्र सनी देओल ने किया था और कहा था, 'मैंने फिल्म घायल के लिए श्रीदेवी को अप्रोच किया था लेकिन उन्होंने फिल्म करने से इंकार कर दिया। हालांकि, श्रीदेवी और सनी देओल ने फिल्म चालबाज, निगाहें और राम अवतार में काम किया था । इन सभी फिल्मों में श्रीदेवी का रोल सनी देओल के मुकाबले बड़ा था।
ऐश्वर्या राय बच्चन
पूरी दुनिया में अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय का नाम भी इस लिस्ट में शुमार है। सनी देओल की फिल्मों में हीरो को ज्यादा तवज्जो दी जाती थी और उनकी फिल्मों में एक्शन भी भरपूर होता था। इस वजह से ऐश्वर्या राय ने उनके साथ फिल्म करने से मना किया था। हालांकि, बाद में ऐश ने फिल्म शहीद में सनी देओल के साथ काम किया था। लेकिन दिलचस्प बात ये है कि दोनों एक दूसरे के अपोजिट नहीं थे।
माधुरी दीक्षित
बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने 90 के दशक के लगभग हर एक्टर के साथ काम किया है। उस वक्त हर एक्टर भी माधुरी के साथ काम करने के ख्वाब देखता था। माधुरी दीक्षित ने एक्टर सनी देओल के साथ फिल्म 'त्रिदेव' में काम किया था। फिल्म सुपरहिट रही थी लेकिन इसके बाद भी उन्होंने फिर कभी सनी पाजी के साथ किसी फिल्म में काम नहीं किया। वजह थी कि सनी सिर्फ एक्शन फ़िल्में कर रहे थे जबकि माधुरी को लीड रोल भी ऑफर हो रहे थे। खैर, कहा तो ये भी जाता था कि सनी देओल के गुस्से की वजह से भी एक्ट्रेसेस उनके साथ काम करने से इंकार कर देती थीं। क्योंकि उन्हें अपनी इमेज खराब होने का डर रहता था।

कमेंट
कमेंट X