रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' आखिर कल रिलीज हो रही है। यह फिल्म इस मायने में भी खास है कि इसके जरिए दोनों पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। दोनों के फैंस पर्दे पर इन्हें साथ देखने के लिए बेकरार हैं। गौरतलब है कि रणबीर और आलिया पति-पत्नी हैं। इसी साल दोनों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया है। देखना दिलचस्प होगा कि पर्दे पर दोनों का साथ फैंस पर क्या जादू चलाता है। वैसे यह पहला मौका नहीं है, जब कोई रियल लाइफ जोड़ी ऑनस्क्रीन साथ नजर आएगी। इससे पहले भी कई रियल लाइफ जोड़ियों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री फैंस को खूब पसंद आई है। आइए जानते हैं...
B-Town Couples: आलिया-रणबीर से पहले पर्दे पर रंग जमा चुकी हैं ये रियल लाइफ जोड़ियां, ऐसा रहा था फिल्मों का हाल
हेमा मालिनी-धर्मेंद्र
अपने जमाने में हेमा मालिनी-धर्मेंद्र की जोड़ी जबरदस्त हिट रही। दोनों ने सबसे पहले वर्ष 1970 में 'तुम हसीन मैं जवां' में काम किया। यहां दोनों की नैना मिले और जिंदगी बदल गई। इसके अलावा दोनों 'शोले','नया जमाना', 'राजा रानी', 'सीता और गीता', 'पत्थर और पायल', 'दोस्त', 'चरस जुगनू', 'आजाद' जैसी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। बता दें कि हेमा मालिनी और धर्मेंद्र ने 1980 में विवाह किया। धर्मेंद्र पहले से शादीशुदा थे, हेमा मालिनी से उन्होंने दूसरा विवाह किया।
अमिताभ बच्चन-जया
अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी भी फैंस की पसंदीदा बॉलीवुड जोड़ियों में शुमार है। पर्दे पर भी इनकी केमिस्ट्री फैंस को पसंद आई। फिल्म 'जंजीर', 'अभिमान', 'मिली', 'चुपके चुपके', 'सिलसिला', 'शोले' और 'कभी खुशी कभी गम' में दोनों साथ नजर आ चुके हैं। बता दें कि अमिताभ बच्चन और जया बच्चन ने वर्ष 1973 में विवाह किया।
काजोल-अजय देवगन
काजोल और अजय देवगन बॉलीवुड के आदर्श कपल्स में शुमार हैं। पर्दे पर भी इनकी जोड़ी काफी हिट रही है। वर्ष 1997 में दोनों फिल्म 'इश्क' में नजर आए। इसके बाद 'प्यार तो होना ही था' (1998) में भी इनकी केमिस्ट्री कमाल की रही। दोनों ही 90 के दशक के सुपरस्टार थे। वर्ष 1999 में दोनों विवाह बंधन में बंधे। इसके बाद वर्ष 2000 में फिल्म 'राजू चाचा' में दोनों साथ नजर आए।
अभिषेक बच्चन-ऐश्वर्या राय
अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय पहली बार फिल्म ढाई अक्षर प्रेम के में साथ नजर आए थे। यहां से इनकी दोस्ती की शुरुआत हुई। इसकी बाद और भी कई फिल्मों में यह साथ नजर आए, जैसे कि धूम 2 (2006), उमराव जान (2006) और गुरू (2007। बैक टू बैक फिल्मों की शूटिंग करते हुए दोनों ने साथ जिंदगी जीने का फैसला ले लिया। अभिषेक बच्चन ने ऐश्वर्या राय को प्रपोज किया और धूमधाम से वर्ष 2007 में दोनों विवाह बंधन में बंधे।