हिंदी सिनेमा के लिए ये साल कुछ खास अच्छा नहीं रहा है। बॉलीवुड ने इस साल अब तक हिट से ज्यादा फ्लॉप फिल्मों का दौर देखा है। वहीं सिनेमाघरों में रिलीज हुई साउथ की फिल्मों ने ताबड़तोड़ कमाई की है। साउथ फिल्मों के बढ़ते रुतबे के कारण हिंदी फिल्मों का कारोबार अच्छा नहीं हो पा रहा है। पिछले शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर तापसी पन्नू की शाबाश मिथु और राजकुमार राव की फिल्म हिट द फर्स्ट केस रिलीज हुई है। जिनमें से 'हिट द फर्स्ट केस' तो टिकट खिड़की पर औसत कारोबार कर रही है, वहीं 'शाबाश मिथु' अब रेंगने लगी है। हॉलीवुड फिल्म की बात करें थॉर लव एंड थंडर का कलेक्शन भी हिंदी भाषा में अब गिरता नजर आ रहा है। तो चलिए एक नजर डालते हैं इन फिल्मों के अब तक के कुल कारोबार पर।
Box Office Report: सातवें दिन 'हिट द फर्स्ट केस' की कमाई में उछाल, 'शाबाश मिथु' और 'थॉर' का ऐसा रहा हाल
शाबाश मिथु
महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज के जीवन पर आधारित फिल्म शाबाश मिथु ने ओपनिंग डे पर ही धीमी शुरुआत की थी। उम्मीद जताई जा रही थी कि वीकेंड पर तो ये फिल्म अच्छा कारोबार कर लेगी, लेकिन वीकेंड पर भी इसका कलेक्शन लाखों में सिमटा रहा। शाबाश मिथु ने बुधवार को महज 17 लाख की ही कमाई की थी। तब फिल्म का कुल कलेक्शन 2.14 करोड़ था। वहीं गुरुवार के कलेक्शन को मिलाकर शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से इस फिल्म ने अब तक कुल करीब 2.30 करोड़ के आसपास कमाई की है।
हिट द फर्स्ट केस
राजकुमार राव स्टारर फिल्म हिट द फर्स्ट केस क्राइम ड्रामा फिल्म है। इसमें राजकुमार राव एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, वहीं सान्या मल्होत्रा ने राजकुमार की गर्लफ्रेंड का रोल निभाया है। ये एक पुलिसवाले की कहानी है, जो लापता लड़की की तलाश में लगा रहता है। ओपनिंग डे पर धीमी शुरुआत के बाद वीकेंड पर फिल्म ने रफ्तार पकड़ी थी। लेकिन अब इसका कारोबार भी धीमा होता जा रहा है। बुधवार को फिल्म ने करीब 78 लाख रुपये की कमाई की थी, जिसके बाद कुल आंकड़ा 8.12 करोड़ हो गया था। वहीं गुरुवार की बात करें तो शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक इस फिल्म का कुल कारोबार अब 8.70 करोड़ के आसपास हो सकता है।
थॉर लव एंड थंडर
हिंदी भाषा में थॉर लव एंड थंडर की शुरुआत बेहद शानदार तरीके से हुई थी। इस फिल्म का कलेक्शन इस साल रिलीज हुईं तमाम हिंदी फिल्मों की अपेक्षा तो अच्छा है। वहीं अंतर्राष्ट्रीय लेवल पर भी फिल्म ने धूम मचाई है। थॉर लव एंड थंडर की कमाई की बात करें तो रिलीज के चौदहवें दिन यानि बीते बुधवार को फिल्म ने हिंदी में 47 लाख रुपये और अंग्रेजी में 69 लाख की कमाई की थी। इसके मुताबिक फिल्म का कुल कलेशन 93.2 करोड़ हो गया था। वहीं गुरुवार की कमाई को जोड़कर देखें तो इसके हिसाब से थॉर का कलेक्शन करीब 94 करोड़ के आसपास हो सकता है।
शमशेरा
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म शमशेरा आज सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा वाणी कपूर और संजय दत्त भी हैं। शमशेरा के लिए सोमवार से एडवांस बुकिंग खोल दी गई थी। ऐसे में एडवांस बुकिंग में इस फिल्म ने अब तक कुल 4.87 करोड़ का कारोबार कर लिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि पहले ही दिन ये फिल्म भूल भुलैया 2 का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। इसके अलावा शुक्रवार को मल्लिका शेरावत की फिल्म आर के/आरके भी आज ही रिलीज हो रही है। इस फिल्म में रजत कपूर , मल्लिका शेरावत , कुब्रा सैत , रणवीर शौरी , मनु ऋषि चड्ढा मुख्य भूमिका में हैं।