डांसिंग एक्शन हीरो टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की छवि हिंदी सिनेमा में एक संस्कारी बेटे की रही है। मशहूर फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ और सुपर मॉडल रहीं आयशा के बेटे टाइगर की पूरी कोशिश रहती है कि किसी भी तरह उनका नाम किसी विवाद में न उलझे और जहां भी उनकी बात हो तो उनके काम को लेकर ही हो। अपने निजी रिश्तों को भी वह ज्यादा उलझाते नहीं है और करीबी दोस्त दिशा पाटनी की बात चले तो शरमाते भी नहीं हैं। टाइगर ने एक्शन बचपन से सीखा है और डांस बड़े होकर। डांसिंग में अपना उस्ताद वह मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य (Ganesh Acharya) को मानते हैं और उनके एक बुलावे पर वह कहीं भी पहुंच भी जाते हैं।
गणेश चाहते हैं कि टीवी चैनलों पर आने वाले डांस शोज में छोटे शहरों के वे बच्चे भी शिरकत कर सकें जिनमें डांस को लेकर जुनून तो है लेकिन अपने इस हुनर को तराशने के लिए उन्हें कोई टीचर नहीं मिलता। गणेश ने इन बच्चों के सामने टाइगर श्रॉफ को पेश कर ये बताने की कोशिश की कि लगन, मेहनत और लगातार अभ्यास से कुछ भी मुश्किल नहीं है। अपने गुरु के एक फोन कॉल पर इस कार्यक्रम में आ पहुंचे टाइगर श्रॉफ ने इससे इत्तेफाक जताया।
नाचने के अपने हुनर बातचीत करते हुए टाइगर ने कहा, ‘मेरे फिल्मी करियर में देखें तो जितने भी मेरे डांसिंग नंबर्स हिट हुए हैं, वे सब मास्टर जी (गणेश आचार्य)’ की वजह से ही हुए हैं। वह जो स्टेप्स करके मुझे किसी गाने पर दिखा देते हैं, मैं बस उन्हें आंखें मूंदकर दोहरा देता हूं। कामयाबी के लिए यही सबसे जरूरी है कि आप का अपने गुरु पर भरोसा होना चाहिए और एक बार भरोसा बन जाए तो फिर उनकी हर बात को पूरी तरह अमल में लाना चाहिए। शुरू में इसमें दिक्कतें होंगी पर किसी काबिल उस्ताद का साथ मिलना किस्मत की बात होती है।’
टाइगर श्रॉफ इन दिनों ऋतिक रोशन के साथ यशराज फिल्म्स के अगले प्रोजेक्ट में काम कर रहे हैं। इसके अलावा बागी सीरीज की उनकी तीसरी फिल्म बागी 3 की शूटिंग इस साल गर्मियों में शुरू होने वाली है। बागी 3 की स्क्रिप्ट की जिम्मेदारी इसके प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने सिम्बा, चेन्नई एक्सप्रेस और बोल बच्चन जैसी फिल्में लिख चुके फरहाद सामजी को सौंपी है।