उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में एक फिल्म सिटी बनाने के लिए फिर से कमर कस ली है। इसी सिलसिले में वह मंगलवार और बुधवार दो दिन के दौरे पर मुंबई पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि अपने इस दौरे पर योगी आदित्यनाथ हिंदी फिल्मों के बड़े बड़े निर्माताओं और निर्देशकों से मुलाकात करेंगे। और उनसे उत्तर प्रदेश में बनने वाली फिल्म सिटी पर सलाह मशविरा लेंगे।
फिल्म निर्माताओं से मुलाकात करने मुंबई पहुंचे योगी आदित्यनाथ, यूपी फिल्म सिटी पर होगी बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद जब पूरे देश में उन्हें इंसाफ दिलाने की बात चलने लगी, तब फिल्म इंडस्ट्री में वंशवाद, पक्षपात, गुटबाजी जैसे मुद्दे भी खूब सामने आए। इन सभी मुद्दों से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की सब जगह किरकिरी हुई और तभी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह उत्तर प्रदेश में ही एक फिल्म सिटी का निर्माण करेंगे। योगी आदित्यनाथ ने फैसला लिया कि वह इस फिल्म सिटी को दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में बनाएंगे। इसके लिए योगी ने जमीन भी निश्चित कर दी है।
लेकिन, जब उत्तर प्रदेश में एक फिल्म सिटी का निर्माण हो जाएगा तो क्या हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले बड़े-बड़े निर्माता और निर्देशक इसमें आकर अपनी फिल्मों को अंजाम देंगे या नहीं? इसी बारे में बातचीत करने के लिए योगी मुंबई पहुंचे हैं। इस मुलाकात में योगी आदित्यनाथ फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों से फिल्म सिटी में फिल्म बनाए जाने के दौरान जरूरत पड़ने वाली चीजों और इस काम से जुड़ने पर चर्चा करेंगे। साथ ही योगी देश के कुछ बड़े उद्योगपतियों से भी मुलाकात करने वाले हैं।
योगी अभिनेता अक्षय कुमार से अलग से भी मिलने वाले हैं। बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार ने हाल ही में अपनी जिस फिल्म 'रामसेतु' की घोषणा की है। योगी उनसे इस बारे में ही बातचीत करेंगे। अक्षय कुमार फिल्म निर्माता भी हैं। उनकी फिल्म 'रामसेतु' पर बातचीत करने के अलावा योगी अक्षय की रुचि भी उत्तर प्रदेश में बनने वाली फिल्म सिटी के बारे में जानना चाहेंगे।
इधर, योगी की मुंबई यात्रा पर विपक्ष ताने कस रहा है। एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा है कि केंद्र सरकार मुंबई के महत्व को कम करना चाहती है इसलिए योगी फिल्मी लोगों से बातचीत करने आए हैं। उधर महाराष्ट्र में कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने भी कहा है कि हो सकता है कि योगी महाराष्ट्र के उद्योगपतियों और फिल्मों के निर्माताओं को धमकाएं, ताकि वह उनके साथ काम करने के लिए राजी हों। इसलिए, जरूरत है कि इन लोगों को पहले से ही सुरक्षा दी जाए। इन बातचीतों पर महाराष्ट्र में बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल का कहना है कि मुंबई फिल्म नगरी है और इसे कोई उठाकर नहीं ले जा सकता। दूसरी फिल्म सिटी सिर्फ एक सुविधा होगी जिसमें भी शूटिंग की जा सकेगी।
पढ़ें: Yahoo 2020 Year in Review: मोस्ट सर्च सिलेब्रिटी रहे सुशांत सिंह राजपूत और रिया चक्रवर्ती, देखें पूरी लिस्ट