बॉलीवुड में बहुत सी जोड़िया ऐसी हैं जो खुलकर डेटिंग कर रही हैं। साथ ही दुनिया के सामने भी उन्होंने अपने रिश्ते को स्वीकार कर लिया है। हालांकि बहुत सी जोड़िया ऐसी भी हैं जिनके प्यार में पड़े होने के चर्चे तो होते हैं, लेकिन सच क्या है ये इन सितारों ने अभी तक नहीं बताया है। तो चलिए आपको बताते हैं उन बॉलीवुड कपल्स के बारे में जिनके गुपचुप प्यार में होने की खबर चर्चा में हैं।
चोरी छिपे डेटिंग के लिए चर्चा में है बॉलीवुड की ये जोड़ियां, क्या दोस्ती पर चढ़ रहा प्यार का खुमार?
सिद्धार्थ मल्होत्रा- कियारा आडवाणी
बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्री कियारा आडवाणी पिछले काफी दिनों से अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा को डेट करने को लेकर चर्चा में हैं। कुछ समय पहले ही कियारा और सिद्धार्थ मल्होत्रा मालदीव में छुट्टियां मनाने गए थे। इसके बाद से ही दोनों की डेटिंग की खबरें आने लगीं। वहीं सिद्धार्थ और कियारा को लंच डेट पर भी साथ देखा गया है। हालांकि दोनों ही सितारों ने इस मामले पर कोई भी खुलासा नहीं किया है।
कटरीना कैफ-विक्की कौशल
रणबीर कपूर से ब्रेकअप के बाद कटरीना कैफ काफी समय से सिंगल हैं। वहीं बहुत समय से उनका नाम अभिनेता विक्की कौशल से जुड़ता नजर आ रहा है। हालांकि विक्की और कटरीना दोनों ने ही इस खबर पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन कई मौकों पर दोनों को साथ समय बिताते देखा गया है।
जान्हवी कपूर-कार्तिक आर्यन
बॉलीवुड के ये सितारे पहली बार फिल्म 'दोस्ताना 2' में साथ नजर आने वाले हैं। ऐसे में अक्सर कार्तिक और जान्हवी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो जाती है। हालांकि फैंस को जान्हवी और कार्तिक की तस्वीरों में दोस्ती कम और प्यार ज्यादा नजर आता है। ऐसे में फैंस जानना चाहते हैं कि क्या जान्हवी और कार्तिक एक दूसरे को डेट कर रहे हैं या ये दोस्ती सिर्फ फिल्म तक ही सीमित है।
ईशान खट्टर- अनन्या पांडे
फिल्म 'खाली पीली' में साथ नजर आ चुके ईशान और अनन्या की भी डेटिंग की खबरें भी चर्चा में है। ईशान और अनन्या मालदीव में एक साथ छुट्टियां बिताते नजर आए थे। इसके बाद से ही दोनों की डेटिंग की खबरें आने लगी थीं। इतना ही नहीं ईशान और अनन्या अक्सर एक दूसरे की तस्वीर पर प्यार भरे कमेंट करते नजर आते हैं। अब इन दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त हैं या फिर कुछ और ये तो ईशान और अनन्या ही बता सकते हैं।
