फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Vijay Sethupathi: विजय सेतुपति का ग्लैमर कसौटी पर, पहली हिंदी फिल्म से पहले लाइन में इतनी फिल्में

Tue, 12 Oct 2021 08:30 PM IST
Pankaj Shukla पंकज शुक्ल
Updated Tue, 12 Oct 2021 08:30 PM IST
विज्ञापन
Vijay Sethupathi doing back to back 15 films before entering in bollywood
विजय सेतुपति - फोटो : अमर उजाला मुंबई

दक्षिण भारतीय फिल्मों का बड़ा नाम बन चुके अभिनेता विजय सेतुपति की पहली हिंदी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ हो सकती थी लेकिन ऐन मौके पर उन्होंने फिल्म से अपना नाम वापस ले लिया। विजय सेतुपति की एक हिंदी फिल्म नामी निर्देशक श्रीराम राघवन के साथ भी अरसे से चर्चा में है। और, हाल ही में एक हिंदी फिल्म उन्होंने सिनेमैटोग्राफर से निर्देशक बने संतोष सीवन के साथ भी पूरी की है जो एक तमिल फिल्म की रीमेक बताई जाती है। विजय सेतुपति की पहली मौलिक हिंदी फिल्म कौन सी होगी, मुंबई फिल्म जगत में ये सवाल तो इन दिनों चर्चा में है ही, उससे ज्यादा चिंता अब हिंदी फिल्म जगत में इस बात को लेकर हो रही है कि विजय सेतुपति जिस रफ्तार से एक के बाद एक फिल्में कर रहे हैं, उसे देखते हुए क्या उनकी चमक लंबे समय तक कायम भी रह सकेगी? साल 2021 में उनकी छह फिल्में सिनेमाघरों और ओटीटी पर रिलीज हो चुकी हैं और करीब 15 फिल्में कतार में हैं।

Vijay Sethupathi doing back to back 15 films before entering in bollywood
96 और विक्रमवेधा में विजय सेतुपति - फोटो : अमर उजाला मुंबई

साउथ का हर बड़ा सितारा अपना नाम हिंदी फिल्मों में जरूर बनाना चाहता है। कमल हासन और रजनीकांत जैसे सितारों ने इसमें कामयाबी भी पाई। श्रीदेवी अरसे तक हिंदी सिनेमा की नंबर वन हीरोइन रहीं। तापसी पन्नू ने भी मुंबई आने से पहले दक्षिण में ही नाम कमाया। लेकिन, विजय सेतुपति का किस्सा ही अलग है। उनकी दो तमिल फिल्मों ‘विक्रमवेधा’ और ‘96’ ने हिंदी पट्टी के दर्शकों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। दोनों फिल्मों की हिंदी रीमेक अरसे से प्लानिंग में रही हैं और उनको लेकर लगातार खबरें भी आती रही हैं लेकिन इनमें से किसी की भी शूटिंग अब तक शुरू नहीं हो सकी है। विजय सेतुपति खुद भी हिंदी सिनेमा में कुछ अच्छी फिल्में करना चाहते हैं और इसी के चलते उन्होंने कैटरीना कैफ के साथ निर्देशक श्रीराम राघवन की फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ साइन की। फिल्म कोरोना की दूसरी लहर के ठीक पहले शुरू होने वाली थी लेकिन पहले कैटरीना को कोरोना हुआ और उसके बाद से अब तक दोनों की एक साथ की तारीखों की तलाश अब तक जारी है। ये फिल्म टिप्स म्यूजिक कंपनी बना रही है, जिसकी पिछली फिल्म ‘भूत पुलिस’ सीधे ओटीटी पर रिलीज हुई।

Vijay Sethupathi doing back to back 15 films before entering in bollywood
मास्टर - फोटो : अमर उजाला मुंबई

विजय सेतुपति वैसे तो बीते एक दशक से तमिल सिनेमा में सक्रिय हैं। बीच बीच में वह तेलुगू और मलयालम फिल्में भी करते रहे हैं। लेकिन, ‘विक्रमवेधा’, ‘96’ और ‘सुपर डीलक्स’ ने उन्हें हिंदी भाषी क्षेत्रों में भी शोहरत दिलाई। कोरोना संक्रमण काल के दौरान घरों में कैद लोगों ने भी उनकी फिल्में खूब देखीं। फिल्म ‘सुपरडीलक्स’ के लिए वह राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी जीत चुके हैं। लेकिन, इस साल की शुरुआत में सिनेमाघरों में फिल्म ‘मास्टर’ की रिलीज जब हिंदी में डब करके की गई तो ये फिल्म देखने हिंदी पट्टी में गिनती के लोग ही पहुंचे। और, यही वह समय था जब उनके आमिर खान की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ से बाहर होने की खबरें आनी शुरू हो गईं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Vijay Sethupathi doing back to back 15 films before entering in bollywood
विजय सेतुपति 96 फिल्म में - फोटो : अमर उजाला मुंबई

इस बीच, विजय सेतुपति ने अपनी शोहरत का फायदा उठाना शुरू कर दिया और एक के बाद एक लगातार फिल्में साइन करनी शुरू कर दीं। साल 2021 में उनकी जो फिल्में अब तक रिलीज हो चुकी हैं, उनमें फिल्म ‘मास्टर’ के अलावा ‘कुट्टी स्टोरी’, ‘उप्पेना’, ‘लाबम’  ‘तुगलक दरबार’ और ‘एनाबेल सेतुपति’ शामिल हैं। ‘एनाबेल सेतुपति’ को हिंदी में जब करके ‘एनाबेल राठौर’ के नाम से भी रिलीज किया गया, लेकिन इसे भी हिंदी क्षेत्र के दर्शकों ने खास पसंद नहीं किया। इन फिल्मों के अलावा विजय सेतुपति की जो फिल्में निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं, उनमें मलयालम फिल्म ’19 (1) (ए)’, हिंदी फिल्में ‘मुंबईकर’ व ‘मेरी क्रिसमस’, मूक फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ के अलावा तमिल फिल्में ‘कदाइसी विवासायी’, ‘मामनिथन’, ‘यादुम ऊरी यावरुम केलिर’, ‘काथू वाकुला रेंडु कादल’, ‘वीजेएस46’, ‘विदुथलाई’ और ‘विक्रम’ शामिल हैं। इन फिल्मों में से आधी की शूटिंग पूरी भी हो चुकी है। इनके अलावा कम से कम तीन और फिल्मों की बातचीत निर्णायक दौर में है।

विज्ञापन
Vijay Sethupathi doing back to back 15 films before entering in bollywood
96 और विक्रमवेधा में विजय सेतुपति - फोटो : अमर उजाला मुंबई

विजय सेतुपति के एक साथ इतनी फिल्में करने के चलते ही अब कोई नया हिंदी फिल्म निर्माता उनके साथ फिल्म बनाने की सोचने से पहले उनकी निर्माणाधीन फिल्मों की लिस्ट तलाश रहा है। विजय सेतुपति के पास भी बताते हैं कि अगले दो साल तक शूटिंग के लिए तारीखें नहीं बची हैं। श्रीराम राघवन की फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ के लिए वह अगले साल जनवरी में शूटिंग शुरू करने की योजना बना रहे हैं और इसके चलते उनकी पहले से साइन की हुई कुछ फिल्मों की शूटिंग की तारीखों में बदलाव होने की आशंका जताई जा रही है। विजय सेतुपति कमाल के अभिनेता हैं और उनकी पहली मौलिक हिंदी फिल्म को लेकर हिंदी पट्टी में उत्सुकता भी बहुत है, बस हिंदी फिल्म जगत में चिंता यही है कि क्या ऐसी किसी फिल्म के आने से पहले तक वह ‘ओवर एक्सपोज’ तो नहीं हो जाएंगे।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें मनोरंजन समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे बॉलीवुड न्यूज़, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट हॉलीवुड न्यूज़ और मूवी रिव्यु आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed