Vijayadashami 2021: पाकिस्तान को हराने वाले नायकों पर फिल्मों का एलान, अक्षय, सनी निभाएंगे ये किरदार
अनिल शर्मा वैसे तो इन दिनों सनी देओल, बॉबी देओल, धर्मेंद्र और करण देओल के साथ ‘अपने 2’ बनाने में व्यस्त होते लेकिन कोरोना की दूसरी लहर ने इस फिल्म का पूरा शेड्यूल बिगाड़ दिया। अब ये फिल्म अगले साल मार्च में शुरू होगी। इस बीच अनिल शर्मा ने अपनी हिट फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ की सीक्वेल पर भी काम करना शुरू कर दिया था।
फिल्म ‘गदर: एक प्रेमकथा’ ने अभी जून में ही अपनी रिलीज के 20 साल पूरे किए हैं और तभी से इसकी सीक्वेल की बातें शुरू हो गई थीं। विजयदशमी के दिन फिल्म का आधिकारिक एलान कर दिया गया। ये फिल्म अनिल शर्मा अपने बेटे उत्कर्ष को बतौर हीरो स्थापित करने के लिए बना रहे हैं। उत्कर्ष ने ही पहली फिल्म में सनी देओल के बेटे का रोल किया था। तीन साल पहले उत्कर्ष बतौर हीरो फिल्म ‘जीनियस’ से लॉन्च हो चुके हैं।
उधऱ, निर्माता निर्देशक आनंद एल राय ने विजयदशमी पर अक्षय कुमार के साथ अपनी अगली फिल्म का एलान किया जो वॉर हीरो मेजर जनरल इयान कारडोजो के जीवन से प्रेरित बताई जाती है। आनंद ने अक्षय के साथ हाल ही में फिल्म ‘रक्षा बंधन’ की शूटिंग पूरी की है। इसके पहले दोनों मिलकर फिल्म ‘अतरंगी रे’ भी पूरी कर चुके हैं। जानकारी के मुताबिक मेजर जनरल इयान कारडोजो पांचवी गोरखा राइफल्स के चर्चित अफसर रहे हैं। इस फिल्म की कल्पना संजय पूरन सिंह चौहान ने तैयार की है और आनंद की कंपनी ने उनको ही इस फिल्म के निर्देशक की जिम्मेदारी सौंपी है।
इस बारे में कारडोजो का एक बयान भी जारी किया गया जिसके मुताबिक उन्हें 1971 के युद्ध की 50वीं वर्षगांठ पर ये कहानी कहे जाने का गर्व है। ये फिल्म भारत की सेनाओं की हिम्मत और बलिदान की दास्तान है। अक्षय कुमार और आनंद एल राय के साथ इस फिल्म पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद भी उन्होंने इस बयान में जाहिर की।