बॉक्स ऑफिस पर बीते कई दिनों से साउथ फिल्मों का बोलबाला है। सिनेमाघरों में रिलीज हो रही कई टॉलीवुड फिल्में लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ हिंदी फिल्मों का हाल बॉक्स ऑफिस पर बेहाल हो रखा है। आमिर, अक्षय और तापसी जैसे बॉलीवुड स्टार दर्शकों पर अपना असर छोड़ने में नाकाम रहे हैं। वहीं साउथ के सुपरस्टार कहे जाने वाले विजय देवरकोंडा की फिल्म का हाल भी इन दिनों खराब ही है। विजय और अनन्या की फिल्म 'लाइगर' टिकट खिड़की पर फ्लॉप होती नजर आ रही है। ऐसे में 'लाइगर' को कड़ी टक्कर देने के लिए चियान विक्रम की फिल्म 'कोबरा' भी कल सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। तो चलिए जानते हैं कि बॉक्स ऑफिस पर कौन सी फिल्म के क्या हाल हैं।
Box Office Report: ओपनिंग डे पर 'कोबरा' ने 'लाइगर' को दी जबरदस्त टक्कर, 'कार्तिकेय 2' का ऐसा रहा हाल
लाइगर
अपनी रिलीज के पहले दिन बंपर कमाई करने वाली विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे की लाइगर रिलीज के तीसरे दिन ही बॉक्स ऑफिस पर पस्त होती दिख रही है। लगातार गिरावट दर्ज कर रही इस फिल्म के कारोबार में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। देशभर के लगभग 2500 स्क्रीन पर पांच भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म ने बुधवार को अब तक की सबसे कम कमाई की है। शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से लाइगर ने रिलीज के सातवें दिन महज 90 लाख रुपये का कारोबार किया है। इस फिल्म का कुल कारोबार 39.08 करोड़ रुपये हो गया है।
कार्तिकेय 2
छोटे बजट में बनी तेलुगू फिल्म कार्तिकेय 2 का बॉक्स ऑफिस पर 19वें दिन भी ठीक-ठाक प्रदर्शन जारी है। लेकिन इतने दिनों बाद अब कार्तिकेय 2 का कारोबार पहले की अपेक्षा कुछ धीमा होता नजर आ रहा है। निखिल सिद्धार्थ की इस फिल्म को दर्शकों ने बेहद प्यार दिया है। फिल्म के 19वें दिन के कलेक्शन की बात करें तो कार्तिकेय 2 ने रिलीज के 19वें दिन 1.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इस फिल्म का कुल कारोबार 74.79 करोड़ रुपये हो चुका है।
कोबरा
चियान विक्रम की फिल्म कोबरा सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। कोबरा का दर्शकों को काफी समय से इंतजार है। चियान विक्रम इस फिल्म का जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने 15 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है। अगर फिल्म का कलेक्शन इसी तरीके से चलता रहा तो ये लाइगर को पीछे छोड़ सकती है।
थिरुचित्रम्बलम
18 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म के आगे साउथ और बॉलीवुड की फिल्में भी नहीं टिक पा रही हैं। मिथरन जवाहर की इस फिल्म को दर्शकों का बेशुमार प्यार मिल रहा है। दर्शकों के इसी प्यार की वजह से फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुए 14 दिनों का समय पूरा हो गया है, लेकिन अभी भी बढ़िया प्रदर्शन जारी है। 14वें दिन के कलेक्शन की बात करें तो शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से थिरुचित्रम्बलम ने 14वें दिन 1.30 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इस फिल्म का कुल कलेक्शन 67.93 करोड़ रुपये हो गया है।
