नेटफ्लिक्स ने भारत में अपने हिंदी दर्शकों के अगले एक साल तक भरपूर मनोरंजन के लिए अपनी नई 10 ओरिजनल फिल्मों का एलान सोमवार को यहां मुंबई में किया। कार्यक्रम की चौंकाने वाली बात रही, इस दौरान नेटफ्लिक्स ओरीजनल के रूप में बन रही निर्देशक सुजॉय घोष की फिल्म ‘डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स’ की लीड कलाकार करीना कपूर का ऐन मौके पर कार्यक्रम में न आना। तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक नेटफ्लिक्स के इस फिल्म्स डे का समापन करीना कपूर के आगमन से ही होना था, लेकिन करीना की हालिया रिलीज फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ को लेकर सोशल मीडिया पर बने नकारात्मक माहौल को देखते हुए ये कार्यक्रम नहीं हुआ। और, वहीं से शुरू हुई तफ्तीश में ये पता चला है कि नेटफ्लिक्स ने न सिर्फ फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ के ओटीटी अधिकार खरीद लिए हैं बल्कि इसकी रिलीज डेट भी फाइनल कर ली है।
Laal Singh Chaddha: नेटफ्लिक्स पर होगा ‘लाल सिंह चड्ढा’ का दिवाली धमाका, पढ़ें डिजिटल प्रीमियर की पूरी जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्रोल्स के निशाने पर रही फिल्म
फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ आमिर खान और करीना कपूर की ‘तलाश’ और ‘थ्री ईडियट्स’ के बाद साथ में तीसरी फिल्म है। दोनों के किरदारों की प्रेम कहानी कहती इस फिल्म की सिनेमाघरों में रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर इसका जमकर विरोध हुआ। रिलीज से पहले आमिर खान की एक बेतरतीबी से बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में आमिर के दिए बयान के बाद तो लोगों ने उन्हें खूब ट्रोल किया और तमाम कोशिशों के बाद भी हालात संभल नहीं सके। कई सिनेमाघरों में तो एक खास संगठन के लोग माइक लेकर लोगों पर फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ के टिकट न खरीदने के लिए दबाव बनाते देखे गए।
टेलीविजन प्रीमियर की स्पॉट बुकिंग
इस फिल्म को लेकर हर रोज तरह तरह की खबरें आती रही हैं। फिल्म को बनाने वाली कंपनी वॉयकॉम18 कहना है कि फिल्म को लेकर उसे कोई आर्थिक नुकसान नहीं हुआ है लेकिन फुटकर गणित के शौकीनों ने इसके अलग अलग हिस्सों की कमाई को लेकर इसे पहले दिन से फ्लॉप फिल्म घोषित कर दिया। उधर, टीवी पर विज्ञापन चलाने वाली एजेंसियों के पास इस फिल्म के टीवी प्रीमियर की तारीख पता करने के लिए अभी से फोन आने शुरू हो गए हैं और लोगों ने इसके लिए स्पॉट बुकिंग का वायदा कारोबार भी करना शुरू कर दिया है।
ओटीटी प्रीमियर की तारीख पक्की
लेकिन फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ को सिनेमाघरों के बाद सबसे पहले ओटीटी पर देखने का मौका नेटफ्लिक्स के ग्राहकों को मिलेगा। फिल्म का सौदा पक्का हो चुका है और इसी के बाद नेटफ्लिक्स ने दिवाली वाले हफ्ते में पहले से निर्धारित फिल्मों की रिलीज डेट आगे खिसकानी शुरू कर दी है। जी हां, फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ का ओटीटी प्रीमियर दिवाली पर होने जा रहा है और नेटफ्लिक्स को उम्मीद है कि ये फिल्म पूरी दुनिया में गैर अंग्रेजी फिल्मों को देखे जाने का एक नया रिकॉर्ड बनाएगी।
बदलते भारत के आइने में एक प्रेम कहानी
आमिर खान और करीना कपूर स्टारर फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ का निर्देशन अद्वैत चंदन ने किया है और इसमें 1984 के सिख दंगों से लेकर अब तक के बदलते हालात के बीच लाल सिंह चड्ढा और रूपा कौर की प्रेम कहानी दिखाई गई है। दोनों बचपन में मिलते हैं और अपनी अपनी ख्वाहिशों के रास्ते पर दूर निकल जाते हैं। किस्मत दोनों को फिर साथ लाती है। लेकिन, अब हालात बदतर हो चुके हैं। फिल्म ने इस साल विदेश में रिलीज हुई हिंदी फिल्मों में सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड बनाया है और नेटफ्लिक्स को लगता है कि ओटीटी पर भी ये फिल्म भारत से ज्यादा विदेश में देखी जाएगी।