शाहरुख खान बॉलीवुड के बादशाह हैं और पूरी दुनिया उनकी दीवानी है। हालांकि शाहरुख के लिए उनकी दुनिया उनके बच्चे हैं। बॉलीवुड के किंग खान अपने अभिनय और चार्म से लोगों का दिल जीत लेते हैं, लेकिन उन्हे सबसे ज्यादा गर्व तब महसूस होता है जब उनके बच्चे उनकी तारीफ करते हैं। शाहरुख खान अपने परिवार के लिए काफी प्रोटेक्टिव हैं और उनका खास ख्याल रखते हैं। खासतौर पर अगर बात उनकी बेटी की होती है तो शाहरुख ओवर प्रोटेक्टिव हो जाते हैं। ऐसा कई बार देखा गया है कि शाहरुख अपनी बेटी सुहाना को एयरपोर्ट पर छोड़ने और लेने जाते हैं। ऐसा ही कुछ साल 2012 में वानखेड़े स्टेडियम में हुआ था।
मशहूर किस्सा: वानखेड़े स्टेडियम में जब बेटी के लिए लड़ गए थे शाहरुख खान, बदसलूकी का था मामला
शाहरुख खान मई 2012 में वानखेड़े स्टेडियम में सीएसके और केकेआर का मैच देखने बीवी और बच्चों के साथ पहुंचे थे। उसी दौरान शाहरुख की लड़ाई सिक्योरिटी गार्ड से हो गई थी। सोशल मीडिया पर इसके कई वीडियोज और तस्वीरें वायरल हुई थीं। बात इतनी बिगड़ गई थी कि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने शाहरुख पर वानखेड़े स्टेडियम में प्रवेश करने पर पांच साल का प्रतिबंध लगा दिया था।
हालांकि शाहरुख ने बाद में माफीनामा भी जारी किया था और स्पष्ट किया कि वह केवल अपनी बेटी की रक्षा कर रहे थे जैसे कि कोई भी पिता करेगा। वहीं 2016 में जब शाहरुख रजत शर्मा की आप की अदालत में आए तो उन्होंने इस बारे में विस्तार से बात की और बताया कि उनके बच्चों ने उस घटना के बाद घर आते ही उन्हें डांटा।
शाहरुख कहते हैं, 'न सिर्फ मेरी पत्नी ने बल्कि मेरे बच्चों ने भी मुझे मेरे व्यवहार के लिए डांटा। उन्होंने कहा कि यह बहुत बुरा व्यवहार था। मैंने अपने बेटे से कह कि तुमने देखा कि क्या हुआ था? लेकिन वह उसने कहा कि लेकिन पापा यह बहुत ज्यादा था। आपको ऐसा करने की जरूरत नहीं थी।'
उसके बाद मैंने अपनी बेटी को देखा और कहा, 'सुहाना वह तुम्हें धक्का दे रहा था और तुमने देखा कि उसने गाली दी और वह उसने भी यही कहा कि हां, लेकिन इतना नहीं था कि आपको इतना गुस्सा करना पड़े। आप एक बड़े स्टार हैं। आपको ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए। उसी पल मुझे मेरी सजा मेरे परिवार से मिल गई थी।'