चंदा मामा से प्यारा मेरा मामा, ये गाना तो आपने जरूर सुना होगा। ये गाना है 11 मई 1979 को रिलीज हुई धर्मेंद्र और रेखा स्टारर फिल्म कर्तव्य का। और, इसी दिन यानी 11 मई को ही साल 1973 में रिलीज हुई अमिताभ बच्चन की एक ऐसी फिल्म, जिसकी कामयाबी को लेकर वह खुद मुतमईन नहीं थे। वह यहां तक कह चुके थे कि अगर ये फिल्म भी फ्लॉप हुई तो वह वापस इलाहाबाद चले जाएंगे। लोग उन्हें फ्लॉप हीरो को तमगा दे चुके थे और इस फिल्म के चलने, न चलने पर ही उनके करियर का कांटा टिका था। उनकी तब तक 12 फिल्में फ्लॉप हो चुकी थीं और इन फिल्मों ने बॉम्बे टू गोवा और आनंद जैसी फिल्मों की शोहरत पर पानी फेर दिया था। जब उस जमाने की तमाम हीरोइनों ने अमिताभ बच्चन के साथ काम करने से इंकार कर दिया तो उनके साथ आई थीं उनकी खास सखी जया भादुड़ी, जिन्होंने इसके बाद जीवन भर अपने इस रीयल लाइफ हीरो का साथ नहीं छोड़ा। आज के बाइस्कोप में बात इसी फिल्म की। नाम, जंजीर।
बाइस्कोप: 12 फ्लॉप के बाद अमिताभ ने कुर्सी को मारी लात और सिनेमा की हुई सदी के महानायक से मुलाकात
आप कहेंगे कि जब आज के बाइस्कोप में किस्से जंजीर के ही सुनाने थे तो कर्तव्य तक जाने की क्या जरूरत। तो धर्मेंद्र का जिक्र यहां इसलिए क्योंकि ये कहानी सबसे पहले इसके लेखकों सलीम-जावेद से धर्मेंद्र ने ही खरीदी थी। धर्मेंद्र ये फिल्म मुमताज के साथ करने की बात निर्देशक प्रकाश मेहरा से तय कर चुके थे। धर्मेंद्र और प्रकाश मेहरा की दोस्ती हुई फिल्म समाधि से। फिल्म सुपरहिट रही। इसके पहले का रिकॉर्ड भी प्रकाश मेहरा का दमदार रहा। शशि कपूर के साथ वह 1969 में ही हिट फिल्म हसीना मान जाएगी बना चुके थे और संजय खान व फिरोज खान को लेकर 1971 में उन्होंने बनाई सुपरहिट फिल्म मेला। समाधि में प्रकाश मेहरा ने धर्मेंद्र के साथ आशा पारेख और जया भादुड़ी को लिया था। धर्मेंद्र उन दिनों तीन तीन शिफ्ट में फिल्में कर रहे थे और जंजीर की शूटिंग थोड़ा रुककर शुरू करना चाहते थे। प्रकाश मेहरा के सामने समस्या ये थी कि सुनील दत्त और राखी वाली उनकी पिछली फिल्म आन बान ज्यादा चली नहीं थी और उन्हें जंजीर छह महीने के भीतर शूट करके किसी तरह रिलीज कर देनी थी ताकि उनका करियर धीमा न पड़े। पर धर्मेंद्र इसके लिए तैयार नहीं हुए। दरअसल धर्मेंद्र और प्रकाश मेहरा के बीच फिल्म जंजीर को लेकर बात समाधि के समय से ही चल रही थी। पं. मुखराम शर्मा की लिखी समाधि की कहानी धर्मेंद्र को इतनी पसंद आई थी कि वह यह फिल्म करने के बदले जंजीर में पैसा लगाने को भी तैयार हो गए थे।
जंजीर लंबे समय तक अटकी रही तो उत्तर प्रदेश में जिला बिजनौर के प्रकाश मेहरा एक दिन पूरे ताव में धर्मेंद्र के घर जा पहुंचे और आर पार की बातें करने लगे। धर्मेंद्र ने देखा कि कहीं फिल्म के चक्कर में दोस्ती न हाथ से निकल जाए तो उन्होंने अपने पैसे से खरीदी फिल्म जंजीर की स्क्रिप्ट प्रकाश मेहरा को दे दी और ये भी छूट दे दी कि वह चाहें तो किसी दूसरे अभिनेता के साथ ये फिल्म बना सकते हैं। इसके बाद के कुछ किस्से आपको पता होंगे, कुछ नहीं। आपको पता होगा कि ये फिल्म देव आनंद से लेकर राजकुमार और दिलीप कुमार तक का चक्कर लगाकर अमिताभ बच्चन की झोली में गिरी। देव आनंद को फिल्म में अपने ऊपर चार पांच गाने चाहिए थे, प्रकाश मेहरा इसके लिए तैयार नहीं हुए। राजकुमार चाहते थे फिल्म मद्रास में शूट हो। प्रकाश मेहरा ने अपनी कहानी का शहर बदलने से इंकार कर दिया। दिलीप कुमार को तो फिल्म के हीरो का किरदार ही नहीं जमा। अमिताभ बच्चन की एक फिल्म उन्हीं दिनों रिलीज हुई थी बॉम्बे टू गोवा। फिल्म जंजीर में धर्मेंद्र, मुमताज के अलावा जो तीसरे कलाकार साइन हुए थे, वह थे प्राण। प्राण ने ही प्रकाश मेहरा को फिल्म का वो फाइटिंग सीन देखने की सलाह दी, जिसमें अमिताभ चुइंगम चबाते हुए शत्रुघ्न सिन्हा की पिटाई करते हैं। प्रकाश मेहरा ने फिल्म देखी। अमिताभ बच्चन उन्हें जंच गए। इधर वह अमिताभ बच्चन को साइन करके आए, उधर मुमताज ने ये फिल्म ये कहते हुए छोड़ दी कि वह शादी करने की योजना बना रही हैं और शूटिंग के लिए तारीखें नहीं दे सकतीं। हालांकि उन्होंने फिल्म छोड़ी थी अमिताभ बच्चन के साथ अपनी एक और फिल्म बंधे हाथ का हश्र देखकर। तब फिल्म में जया भादुड़ी की एंट्री हुई।
वैसे तो फिल्म जंजीर से ही अमिताभ का नाम अखबारों में एंग्री यंग मैन पड़ा लेकिन जावेद अख्तर का मानना रहा है कि इस नाम का असली ठप्पा अमिताभ बच्चन पर फिल्म दीवार से लगा। उसके पहले लोग मदर इंडिया में सुनील दत्त और गंगा जमना में दिलीप कुमार को भी सिस्टम से नाराज एंग्री यंग मैन के रूप में देख चुके थे, लिहाजा फिल्म जंजीर में सलीम खान ने विजय खन्ना का किरदार ऐसा गढ़ा, गुस्सा जिसके पूरे जिस्म में सुलग रहा था। वह न किसी से बोलता था। न मुस्कुराता था और न ही ज्यादा किसी से मिलता जुलता था। दीवाली की रात एक हाथ में घोड़े वाला ब्रेसलेट पहने एक अपराधी के हाथों अपने माता-पिता खो चुका विजय मनोवैज्ञानिक रूप से बचपन से ही भीतर भीतर घुटता रहता है। बड़ा होकर जब वह पुलिस की नौकरी करता है तो भी ज्यादा तीन पांच नहीं सुनता। जुए के अड्डे चलाने वाले शेर खान से उसका पंगा होता है तो वह वर्दी वाला ताना मार देता है। फिर विजय सादी वर्दी में शेर खान के इलाके में आता है और ये लड़ाई फिर दोस्ती में बदल जाती है। शेर खान गैरकानूनी काम छोड़ गैराज का काम करने लगता है और कहानी में ट्विस्ट आता है अमिताभ बच्चन के रिश्वतखोरी के आरोप में निलंबित होने से। इस संकट के समय माला उसकी मदद करती है। शेर खान भी साथ आता है। और, तेजा का खात्मा होता है।
इस फिल्म में मशहूर अभिनेता अजीत ने तेजा का किरदार किया। हामिद अली खान के नाम से बचपन गुजारने वाले अजीत की परवरिश नवाबी अंदाज में हुई क्योंकि वालिद उनके हैदराबाद के निजाम के यहां काम करते थे। इस फिल्म के लिए जब अजीत विलेन बने तो उन्होंने प्रकाश मेहरा से पूछा कि क्या कभी उन्होंने असल जिंदगी के माफिया डॉन से मुलाकात की है। उन्होंने बताया कि असल जिंदगी के ये बड़े बड़े डॉन कभी चीखते चिल्लाते नहीं हैं। उनका सर्द लहजा ही काम कर जाता है। और, ऐसे ही इंदौर के एक डॉन का पता सलीम खान को भी मालूम था। सलीम और अजीत दोनों मिले। फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले अजीत ने लंबा वक्त इस शख्स के साथ गुजारा और उसके तौर तरीके सीखे। फिल्म में शेर खान का किरदार करने वाले प्राण ने भी इस फिल्म के लिए काफी कुछ तैयारियां कीं। फिल्म में उनका जो गेटअप है, वह उनका खुद का तैयार किया हुआ है। प्राण ने अपनी एक फिल्म का गेटअप कभी किसी दूसरी फिल्म में रिपीट नहीं किया। अगर लुक एक जैसा हुआ तो वह बोली बदल लेते थे। फिल्म जंजीर को बनाने में भी प्राण का ही सबसे बड़ा योगदान रहा। धर्मेंद्र और मुमताज के फिल्म छोड़ देने के बाद भी प्राण ने प्रकाश मेहरा का साथ नहीं छोड़ा। ये इसके बावजूद कि इस फिल्म को छोड़ने पर मनोज कुमार ने उन्हें दो फिल्में देने का लालच भी दिया था। प्राण जुबान के पक्के इंसान आखिर तक रहे। लेकिन, इस फिल्म में जो एक गाना है, यारी है ईमान मेरा, यार मेरा जिंदगी...उसकी शूटिंग के वक्त वह इतना गुस्सा हुए कि शूटिंग बीच में छोड़ घर चले गए। बाद में बड़ी मुश्किल से वह ये गाना करने को राजी हुए, पूरी फिल्म में इसी गाने के दौरान अमिताभ बच्चन थोड़ी देर के लिए पर्दे पर मुस्कुराते हैं।