बीते साल अपने पहले टीजर के साथ ही हिंदी भाषी राज्यों के दर्शकों के बीच उत्सुकता का विषय रही फिल्म ‘हनुमान’ के सितारे सोमवार को मुंबई पहुंचे तो फिल्म की पीआर टीम की कमजोर तैयारी सामने आ गई। इस फिल्म के जरिये साउथ सिनेमा के अभिनेता तेज सज्जा पहली बार हिंदी पट्टी के दर्शकों के बीच आ रहे हैं। प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बनी यह फिल्म मकर संक्रांति के अवसर पर रिलीज हो रही है।
Hanuman: नंगे पैर मंच पर पहुंचकर ‘हनुमान’ के सितारों ने जीते दिल, कमाल की दिख रही फिल्म का कमजोर रहा प्रचार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार को मुंबई में फिल्म की प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जहां पर अभिनेता राणा दग्गुबाती इस फिल्म को प्रमोट करने पहुंचे। इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान जो सबसे खास बात देखी गई वह यह थी कि मंच पर सभी लोग नंगे पैर देखे गए। हालांकि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस इतनी हड़बड़ी में आयोजित की गई कि अधिकांश मीडिया को इसका पता ही नहीं चला। प्रेस कॉन्फ्रेंस के आयोजकों ने इसकी सूचना सिर्फ कुछ व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करके फिल्म के प्रचार की इतिश्री कर ली।
राणा दग्गुबाती ने इस मौके पर कहा, 'जब तेज सज्जा का फोन आया कि इस फिल्म को हम लोग मुंबई में प्रमोट करने आ रहे है, तो मैंने कहा कि मैं मुंबई में हूं, जब आना बता देना। मेरी हमेशा से कोशिश रहती है कि नई प्रतिभाओं और नई फिल्मों को प्रमोट करूं। तेज सज्जा को तब से जानता हूं जब उन्होंने बाल कलाकार के तौर पर फिल्म 'इंद्रा' में चिरंजीवी सर के बचपन का किरदार निभाया था। प्रशांत वर्मा की भी सिनेमा को लेकर एक अलग ही सोच रही है।'
फिल्म 'हनुमान' में भगवान हनुमान की शक्तियों के साथ एक नए भारतीय सुपरहीरो को दर्शकों के सामने पेश किया गया है। इस फिल्म में सुपरहीरो की भूमिका अभिनेता तेज सज्जा ने निभाई है। हिंदी सिनेमा के सुपर हीरो ऋतिक रोशन और उनकी बॉडी की तुलना को लेकर जब तेज सज्जा से सवाल पूछा गया तो तेज सज्जा ने कहा, 'मैं ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ का बहुत बड़ा फैन हूं। जब हनुमान जी की कृपा होती है तो चींटी भी पहाड़ बन जाती है, हम तो इंसान हैं। मुझे बॉडी बनाने की जरूरत ही नहीं पड़ी।'
वहीं, निर्देशक प्रशांत वर्मा ने कहा, 'अगर नियति ठीक हो तो सब कुछ ठीक हो जाता है। मैं इस फिल्म को साधारण सी छोटी फिल्म बनाना चाह रहा था। जब मैंने फिल्म का शीर्षक 'हनुमान' की घोषणा की तो लोगों ने सलाह दी कि इस फिल्म को पैन इंडिया स्तर पर बनाना चाहिए। फिल्म के निर्माता निरंजन रेड्डी ने भी मुझे प्रोत्साहित किया। जब मैंने इस फिल्म को पैन इंडिया स्तर पर बनाने की सोची तो मुझे ऐसी आध्यात्मिक शक्ति का अहसास हुआ कि मुझे लगा कि यह फिल्म मैं नहीं बना रहा बल्कि कोई शक्ति मुझसे यह फिल्म बना रही है। मेरी कोशिश छोटी थी और यह बड़ी फिल्म बन गई।'