पिछले साल लॉकडाउन के दौरान लोगों ने घरों में रहकर खूब फिल्में और वेब सीरीज देखीं। साल 2020 में गूगल पर सबसे ज्यादा खोजी गई पांच फिल्मों में से दो फिल्में ऐसी रहीं जिनकी मूल भाषा अंग्रेजी नहीं थी। इस लिस्ट में पहले नंबर पर रही दक्षिण कोरिया में बनी चार ऑस्कर पुरस्कार विजेता फिल्म ‘पैरासाइट’ और चौथे नंबर पर रही पोलैंड में बनी फिल्म ‘365 डेज’। इस फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए नेटफ्लिक्स ने ग्रीन सिग्नल दे दिया। दुनिया भर में तमाम समीक्षकों ने फिल्म ‘365 डेज’ को एक खराब फिल्म बताया था लेकिन इसके बावजूद ये फिल्म डिजिटल की सबसे हिट फिल्मों में से एक बन चुकी है।
365 Days: अंतरंग दृश्यों की वजह से चर्चित ‘365 डेज’ की बनेंगी दो सीक्वल, यहां पाइए विवरण विस्तार से
ये फिल्म एक उभरते माफिया डॉन के एक अनजान युवती के प्रेम में पड़ने की कहानी है। कहानी एक समुद्र तट से शुरू होती है जहां इस माफिया डॉन को ये युवती पहली बार दिखती है। डॉन कुछ समझ पाए उससे पहले ही उस पर हमला होता। वह घायल होता है। उसका पिता मारा जाता है। पांच साल बाद दोनों फिर मिलते हैं और डॉन इस सुंदर युवती को अगवा कर अपने घर ले आता है। वह उसे प्रताड़ित तो करता है लेकिन एक वादा ये भी करता है कि वह दैहिक संबंध बनाने की पहल अपनी तरफ से नहीं करेगा। हालात बदलते हैं। दोनों एक दूसरे की भावनाएं भड़काने के तमाम जतन करते हैं और फिर एक दिन समंदर में डूबने से डॉन के हाथों बची इस युवती को डॉन से प्यार हो जाता है।
फिल्म ‘365 डेज’ पोलैंड में बनी फिल्म है। और, ब्लांका लिपिंस्का के लिखे इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है। ब्लांका ने इस उपन्यास को कथात्रयी के रूप में लिखा है। इस उपन्यास की अगली कड़ियों के नाम हैं, ‘द डे’ और ‘ऑफ्टर 365 डेज’। नेटफ्लिक्स ने इन दोनों उपन्यासों पर फिल्म बनाने की घोषणा बीते साल ही कर दी थी, लेकिन कोविड-19 की वजह से इनका काम तब रुक गया था। नेटफ्लिक्स के सूत्र बताते हैं कि अब इन दोनों फिल्मों की शूटिंग फिर से शुरू हो चुकी है और फिल्म के अधिकतर कलाकार और तकनीशियन काम पर लौट आए हैं।
नेटफ्लिक्स ने अपनी इन दोनों फिल्मों का नाम फिलहाल ‘365 डेज पार्ट 2’ और ‘365 डेज पार्ट 3’ रखा है। पिछली फिल्म वहां आकर रुकती है जहां फिल्म की हीरोइन का गाड़ी पर हमले की साजिश रची जा चुकी होती है। और, उसकी एक गाड़ी एक सुरंग में प्रवेश करने के बाद दूसरी तरफ निकलती नहीं है। एन्ना मारिया सीक्लूक्का और माइकल मॉरन फिल्म के लीड कलाकार हैं। फिल्म ‘365 डेज’ की तुलना ’50 शेड्स ऑफ ग्रे’ से खूब की जाती है। फिल्म ‘365 डेज’ में अंतरंग दृश्यों की भरमार है और इसी के चलते इस फिल्म ने अमेरिका में 10 दिन तक नेटफ्लिक्स की नंबर वन मूवी होने का तमगा हासिल किया है।
फिल्म ‘365 डेज’ पिछले साल 7 फरवरी को रिलीज हुई थी और 7 जून को इसे नेटफ्लिक्स ने अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया था। सबसे खराब फिल्मों के पुरस्कार गोल्डन रैस्पबेरी अवार्ड्स में इस फिल्म को इस साल सबसे खराब फिल्म समेत छह श्रेणियों में नामांकित किया गया था। 24 अप्रैल को हुए पुरस्कार समारोह में फिल्म ‘365 डेज’ की पटकथा को सबसे खराब पटकथा माना गया।