सभी दर्शकों की नजरें इस हफ्ते स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को रिलीज होने वाली फिल्मों पर टिकी हुई हैं। इस हफ्ते सिनेमाघरों में कई फिल्में आपस में भिड़ेंगी। ऐसे में दर्शकों के बीच श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'स्त्री 2' का जबर्दस्त क्रेज बना हुआ है। दर्शक बेसब्री से फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। इस हॉरर कॉमेडी फिल्म के पहले भाग ने फैंस को खूब डराया और हंसाया था, वहीं अब ये अपने दूसरे भाग के साथ तैयार है। हालांकि, हॉरर-कॉमेडी जॉनर की फिल्में दर्शकों को खूब पसंद आती हैं। ऐसे में हम आपके लिए ऐसी फिल्मों की लिस्ट लेकर आए हैं, जिसे आप 'स्त्री 2' की रिलीज से पहले देख सकते हैं।
Horror Comedy Films: दर्शकों के बीच धमाल मचा चुकी हैं ये हॉरर-कॉमेडी फिल्में, अब मैदान में उतरेगी 'स्त्री 2'
स्त्री
सबसे पहले 'स्त्री 2' के पहले भाग 'स्त्री' से ही शुरू करते हैं। श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'स्त्री' हॉरर-कॉमेडी जॉनर की बेहतरीन फिल्म साबित हुई। कहानी काल्पनिक गांव चंदेरी की है, जहां के लोगों में स्त्री का डर है। ऐसे में उससे बचने के लिए लोग अपने घर के बाहर 'ओ स्त्री कल आना' लिखते हैं, ताकि वे स्त्री के खौफ से सुरक्षित रहे।
मुंजा
भारत के पहले सीजीआई अभिनेता द्वारा अभिनीत 'मुंजा' बॉक्स-ऑफिस पर हिट रही, जिसमें शरवरी वाघ, अभय वर्मा और मोना सिंह भी शामिल हैं। आदित्य सरपोतदार द्वारा निर्देशित और नीरेन भट्ट, योगेश चांदेकर और तुषार अजगांवकर द्वारा लिखित यह फिल्म एक युवक की अपने पैतृक गांव की यात्रा की कहानी को दिखाती है। फिल्म में एक पारिवारिक रहस्य और मुंजा नामक एक भयानक आत्मा का खुलासा होता है। शादी करने के लिए तैयार मुंजा शरवरी और अभय की जिंदगी में तूफान मचा देता है।
काकुड़ा
'काकुड़ा' भी हॉरर-कॉमेडी फिल्मों की लिस्ट में शामिल है। 'काकुड़ा' में सोनाक्षी सिन्हा, रितेश देशमुख और साकिब सलीम जैसे कई कलाकार हैं। आदित्य सरपोतदार द्वारा निर्देशित और अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग द्वारा लिखित यह हॉरर-कॉमेडीफिल्म एक ऐसे शहर की कहानी है, जो समय के साथ एक अभिशाप में फंस गया है। इसके तीन निवासियों को एक भूत का सामना करना पड़ता है, जो उन्हें अंधविश्वास, परंपरा और प्यार पर सवाल उठाने के लिए मजबूर करता है।
रूही
2021 में रिलीज हुई 'रूही' हॉरर और कॉमेडी का मजा देती है। हार्दिक मेहता और जसपाल सिंह द्वारा निर्देशित, मृगदीप लांबा और गौतम मेहरा द्वारा लिखित इस फिल्म में राजकुमार राव, जान्हवी कपूर और वरुण शर्मा मुख्य भूमिका में हैं। कहानी दो अनाड़ी दोस्तों पर केंद्रित है, जिन्हें एक दुल्हन का अपहरण करने के लिए काम पर रखा गया है। वे जल्द ही खुद को एक अजीबोगरीब स्थिति में फंस जाते हैं, जब एक दोस्त अपहरण हुई लड़की के प्यार में पड़ जाता है और दूसरा दोस्त उस आत्मा के प्यार में पड़ जाता है, जो उस लड़की पर कब्जा कर लेती है।
